रामदेव को चैलेंज, 'काला धन आया तो पैर धोकर पीऊंगा'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार में शनिवार को आयोजित कांग्रेस की जिला स्तरीय बैठक में प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने रामदेव को चैलेंज दे डाला। कहा कि यदि कालाधन देश में वापस आया तो वह बाबा रामदेव के पैर धोकर पीएंगे।
किशोर उपाध्याय ने कहा कि नरेंद्र मोदी और बाबा रामदेव ने काला धन देश में वापस लाने और प्रत्येक देशवासी के बैंक खाते में 100 दिनों में 15 लाख रुपये जमा कराने के नाम वोट मांगा। दोनों ने यूपीए सरकार को देश भर में घूम घूमकर इस मुद्दे पर बदनाम किया।
अब केंद्र सरकार को बने हुए 300 दिन होने वाले हैं, लेकिन अभी तक किसी के खाते में वह पैसा नहीं आया जिसका वादा करके देश की सत्ता हासिल की। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिस दिन काला धन देश में वापस आएगा वह बाबा रामदेव के पैर धोकर पीएंगे।
हरीश रावत को भी दिया जवाब
मुख्यमंत्री हरीश रावत की ओर से पार्टी के कुछ नेताओं के लिए दिए गए बयान पर उन्होंने कहा कि वह और हरीश रावत साथ-साथ राजनीति में आए। उन्होंने किसी की अंगुली पकड़कर राजनीति नहीं सीखी।
हर कोई अपनी मेहनत से मुकाम हासिल करता है। उन्होंने कहा प्रदेश अध्यक्ष का पद सोनिया और राहुल ने दिया है। उन्होंने पीडीएफ विधायकों को निकालने की बात कभी नहीं कही केवल उनको अपनी स्थिति साफ करने के लिए कहा।
29 को होगा रामदेव के खिलाफ प्रदर्शन
कालेधन के मुद्दे पर बाबा रामदेव के खिलाफ आंदोलन की रणनीति बनाने के लिए हरिद्वार में राजपूत धर्मशाला कनखल में शनिवार को कांग्रेस की जिला स्तरीय बैठक की गई। बैठक में तय किया गया कि 29 जनवरी को बाबा रामदेव के खिलाफ प्रदर्शन कर उन्हें काला धन वापस लाने का वादा याद दिलाया जाएगा।
बैठक में प्रदर्शन करने के स्थान पर अभी सहमति नहीं बन सकी। इसके लिए हरकी पैड़ी, पतंजलि योगपीठ और कलेक्ट्रेट आदि स्थानों के प्रस्ताव कार्यकर्ताओं की ओर से लाए गए। प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि 22 जनवरी को हल्द्वानी में होने वाली बैठक में प्रदर्शन स्थल का नाम फाइनल कर दिया जाएगा।
मंच पर बैठने की होड़
कांग्रेस की जिला स्तरीय बैठक में प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के साथ मंच पर बैठने को लेकर कांग्रेसियों में होड़ मची रही। मंच पर प्रदेश अध्यक्ष के साथ और पीछे करीब 40 कार्यकर्ता और पदाधिकारी डटे रहे। कई बार इस बात को लेकर आपस में कहासुनी भी हुई।