उत्तराखंड में शीतलहर, ठंड से कांप उठे पहाड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में मौसम के करवट बदलने से समूचा पहाड़ शीतलहर की चपेट में आ गया है। मंगलवार देर रात से मैदान हिस्सों में बारिश और ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी का सिलसिला बुधवार देर शाम तक जारी रहा।
केदारनाथ में ढाई फीट बर्फ गिर चुकी थी। एमआई-26 के हेलीपैड पर ढाई फुट और मंदिर परिसर तथा रास्तों पर चार से साढ़े चार फुट तक बर्फ जम गई। रुद्रप्रयाग जिले के चोपता-दुगलबिट्टा सहित जखोली और ऊखीमठ ब्लॉक के ऊंचाई वाले इलाकों में भी हिमपात हुआ है। 15 दिसंबर के बाद यह तीसरा मौका है, जब केदारनाथ सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है।
चमोली जिले में ऊंचाई वाले इलाकों में दिनभर रुकरुक कर बर्फबारी होती रही। जिससे बदरीनाथ धाम में करीब दो फुट और हेमकुंड साहिब में तीन फुट तक बर्फ जम गई है। प्रसिद्ध हिम क्रीड़ा स्थली औली में भी करीब एक फुट बर्फ जम गई है।
नीलकंठ, रुद्रनाथ, पनार बुग्याल, नंदादेवी, नंदा घुंघटी सहित ऊंची चोटियों में हिमपात हुआ। बर्फबारी से जोशीमठ-औली और गोपेश्वर-चोपता-ऊखीमठ मोटर मार्ग कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया।
हिमपात के साथ बर्फीले तूफान की आशंका
गोपेश्वर जिला प्रशासन ने 15 जनवरी को जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात और बर्फीला तूफान आने की सूचना जारी की है।
प्रभारी जिलाधिकारी संजय खेतवाल ने बताया कि बिगड़ते मौसम को देखते हुए जिले के सभी अधिकारियों को विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को मुख्यालय पर तैनात रहने को कहा गया है।
एमआई-26 ने नहीं भरी उड़ान
खराब मौसम के कारण गौचर हवाई पट्टी से भारतीय वायु सेना का एमआई-26 केदारनाथ के लिए उड़ान नहीं भर पाया। मौसम के ठीक होने की स्थिति में बृहस्पतिवार को हेलीकॉप्टर भारी मशीनें धाम में पहुंचाएगा।
उधर, केदारनाथ में बर्फबारी से पुनर्निर्माण कार्य पूरे दिन प्रभावित रहा। इस दौरान भले ही निम के मजदूरों ने बेस कैंप की बर्फ हटाई, लेकिन लगातार गिर रही बर्फ से अन्य कोई भी काम नहीं हो पाया।
पर्यटकों से गुलजार हुई औली
विश्व प्रसिद्ध हिम क्रीड़ा स्थली औली इन दिनों दिल्ली, गुजरात, पश्चिम बंगाल और देश के विभिन्न प्रांतों के पर्यटकों से गुलजार हो उठी है।
सुरकंडा और धनोल्टी में बर्फबारी
नई टिहरी में बुधवार को सुबह छह बजे से हो रही रिमझिम बारिश से तापमान में गिरावट आ गई है। सुरकंडा, धनोल्टी, प्रतापनगर, पवांली कांठा सहित कई स्थानों पर रुक-रुक कर बर्फबारी हुई, लेकिन यह बर्फ टिक नहीं पाई।