'हे बदरीनाथ! सुरक्षित सफल कराइए चारधाम यात्रा'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री हरीश रावत सोमवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने धाम की चौखट पर मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। कहा कि सुगम और सुरक्षित तीर्थयात्रा की मनौती मांगने मैं बदरीविशाल की चौखट पर आया हूं।
बदरीनाथ धाम तीर्थयात्रा के लिए पूरी तरह तैयार है। भगवान बदरीनाथ की कृपा रही तो इस बार रिकार्ड संख्या में यात्री चारधाम की तीर्थयात्रा पर आएंगे। सोमवार को यहां पहुंचे मुख्यमंत्री हरीश रावत ने यह बात कही।
हेलीकॉप्टर से पहुंचे
हेलीकॉप्टर से प्रात: 10.17 बजे यहां पहुंचे मुख्यमंत्री करीब दो किमी पैदल चलकर बदरीनाथ मंदिर तक पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर से लेकर देव दर्शनी तक यात्रा तैयारियों का जायजा लिया। यात्रा में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो, इसके लिए धाम में एसडीआरएफ की टीम तैनात रहेगी।
उन्होंने जिलाधिकारी से धाम और सभी पड़ावों में बिजली, पानी, संचार और आवासीय सुविधा के संबंध में जानकारी ली। बामणी गांव की सुरक्षा के लिए उन्होंने कार्ययोजना तैयार करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। धाम में विषम भौगोलिक परिस्थितियों में भी बर्फ हटाने में जुटे मजदूरों की उन्होंने पीठ थपथपाई।
धाम की खूबसूरती देख खिल गए सीएम
धाम में बर्फ से आच्छादित पर्वत श्रृंखलाओं को देख मुख्यमंत्री गद्गद हो उठे। उन्होंने कहा कि धाम का अलौकिक दृश्य कैलाश मानसरोवर की याद दिला रहा है। यात्रा शुरु होने तक भी धाम में बर्फ जमी रहती है तो तीर्थयात्री इस अलौकिक सौंदर्य का दीदार कर सकेंगे।
डोजर पर खिंचवाए फोटो
बदरीनाथ धाम से लौटते वक्त देवदर्शनी में बीआरओ के डोजर को कार्य करते देख मुख्यमंत्री से रहा नहीं गया और वे डोजर की ड्राइविंग सीट पर बैठकर फोटो खिंचवाने लगे।
लामबगड़ में बनेगी टनल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ की समस्या का स्थायी समाधान चाहती है। इसके लिए यहां टनल का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य में करीब दो वर्ष का समय लगेगा।
तीर्थयात्रियों को प्रसाद में मिलेंगे चौलाई के लड्डू
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में पहुंचने वाले हर एक तीर्थयात्री को प्रसाद के रुप में चौलाई के लड्डू दिए जाएंगे। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सीईओ बीडी सिंह को सौंपी। सीईओ ने मुख्यमंत्री को बताया कि गढ़वाल मंडल विकास निगम को इसकी डिमांड दे दी गई है।