...और इस तरह बदल गया टिहरी झील का नाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टिहरी में साहसिक पर्यटन महोत्सव के दूसरे दिन मुख्यमंत्री हरीश रावत ने टिहरी झील को नया नाम दे दिया। सीएम ने झील को श्रीदेव सुमन सागर नाम देकर उसे स्थानीय लोगों की भावनाओं से जोड़ा है।
हरीश रावत ने झील के नीचे समा चुकी पुरानी टिहरी के दर्द को साझा करते हुए झील में विकसित होने वाले टूरिस्ट स्पॉट्स के नाम डूबे गांवों के नाम पर रखने के निर्देश भी दिए।
सीएम ने कहा कि मुझे विस्थापितों का दर्द मालूम है। मैं उस दर्द को नहीं भूल सकता, जो वैभवशाली झील से जुड़ा है। हमें यह याद रखना है कि बहुत से लोगों ने बलिदान दिया है। अतीत को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
सीएम ने सड़क मार्गों को बेहतर बनाने के साथ एक इंटीग्रेटेड एविएशन पॉलिसी बनाने की बात भी कही, जिसके तहत पर्यटकों को टिहरी या अन्य पर्यटक स्थलों तक पहुंचने के लिए हैली सर्विसेज मिल सके।
उन्होंने निवेशकों को पीपीपी मोड पर निवेश के लिए आमंत्रित भी किया। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि प्राइवेट पार्टनर को आकर्षित करने के लिए प्राधिकरण और अकादमी बनाने भर से काम नहीं चलेगा। इसके लिए ठोस नीति बनाने की जरूरत है, जिससे निवेशक आकर्षित हों।
भीमलाल ने उठाई मांग, सीएम ने की घोषणा
घनसाली से भाजपा विधायक भीमलाल आर्य ने झील का नाम श्रीदेव सुमन के नाम पर रखने की मांग की, इसके बाद सीएम ने टिहरी झील के नए नाम की घोषणा कर दी। गौरतलब है कि इससे पहले भी झील का नाम बदलने को लेकर सभी दल मांग उठाते रहे हैं।
विस्थापन से जुड़े मामलों का होगा निस्तारण
मुख्यमंत्री ने विस्थापन और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर चिंता भी जताई। विस्थापन के मुद्दे पर उन्होंने केंद्र सरकार को कठघरे में खड़े करते हुए कहा कि भले केंद्र की नजर में विस्थापन का काम पूरा हो चुका है, लेकिन अभी कुछ मामलों का निपटारा होना है। बताया कि इस संबंध में स्थानीय विधायकों से बात भी हुई है। कहा कि विस्थापन से जुड़े जो मसले हैं उनका निस्तारण कराया जाएगा।
हरक भी रहे मौजूद
कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने टिहरी के अलावा प्रदेश में पर्यटन के अपार संभावनाओं के बारे में बताया। पर्यटन मंत्री दिनेश धनै ने कहा कि झील को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने पर क्षेत्र में 20, 000 लोगों को रोजगार मिलेगा।
समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, भाजपा विधायक भीमलाल, मुख्यमंत्री के औद्योगिक सलाहकार रंजीत रावत, अपर मुख्य सचिव राकेश शर्मा, पर्यटन सचिव उमाकांत पंवार आदि मौजूद रहे।