स्वच्छ सर्वेक्षण 2019: उत्तराखंड में गौचर और अगस्त्यमुनि बढ़ाएंगे मान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस वर्ष के स्वच्छ सर्वे में गौचर और अगस्त्यमुनि उत्तराखंड का मान बढ़ाएंगे। केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की ओर से उत्तराखंड को प्रारंभिक सूचना में यह जानकारी मिली है। हालांकि स्वच्छ सर्वे के नतीजे मार्च के पहले सप्ताह में आने की उम्मीद है, लेकिन गौचर और अगस्त्यमुनि को छोटे निकायों की श्रेणी में स्थान मिलना तय हो गया है। इस प्रारंभिक सूचना ने उत्तराखंड को उत्साहित किया है, हालांकि सरकार उम्मीद कर रही है कि बडे़ निकायों की श्रेणी में भी उत्तराखंड इस बार पहले से ज्यादा अच्छा प्रदर्शन करेगा।
इस बार भी चार जनवरी से पूरे देश में स्वच्छ सर्वेक्षण शुरू हुआ था। 31 जनवरी 2019 तक यह सर्वेक्षण पूरा हो गया। इस बार निकायों की आबादी के हिसाब से पिछली बार की तुलना में कहीं ज्यादा श्रेणियां बनाई गई थीं। एक लाख से ज्यादा आबादी और उससे कम आबादी वाले निकायों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया था। करीब छह श्रेणियों में कई बिंदुओं पर निकायों की सफाई की कसरत का आकलन किया गया। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की ओर से दी गई प्रारंभिक सूचना में बताया गया है कि चमोली जिले का गौचर और रुद्रप्रयाग जिले का अगस्त्यमुनि नगर निकायों का प्रदर्शन बहुत शानदार रहा है।
इनकी रैंकिंग का अभी खुलासा नहीं किया गया है। इनमें से गौचर में सफाई की स्थिति का केंद्रीय टीम वीडियो शूट करके भी ले गई है। पिछली बार भी गौचर नगर निकाय का सर्वेक्षण में अच्छा प्रदर्शन रहा था। इस नगर निकाय ने छोटे शहरों की श्रेणी में 1008 शहरों में 31वां स्थान प्राप्त किया था। इस बार केंद्रीय टीम ने अपने तौर तरीकों में एक अंतर रखा था। पिछली बार जहां केंद्रीय टीम सूचना देकर निरीक्षण के लिए आई थी, इस बार उसने औचक निरीक्षण करके स्वच्छता की स्थिति का आकलन किया।
टॉप 100 में आना है उत्तराखंड का सपना
स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 में उत्तराखंड का कोई भी बड़ा शहर टॉप 100 में नहीं आ पाया था। एक लाख से ज्यादा की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में सबसे बेहतर प्रदर्शन रुड़की नगर निगम का रहा था, जिसने देश के 485 शहरों में 158वां स्थान हासिल किया था। हरिद्वार को 205, हल्द्वानी को 251, देहरादून को 259, रुद्रपुर को 281 और काशीपुर नगर निकाय को 310वां स्थान हासिल हुआ था। उत्तरी जोन के 1008 शहरों में जरूर मुनिकीरेती ने दूसरा, नैनीताल ने छटवां, चमोली ने आठवां, दुगड्डा ने 13 और मसूरी ने 32वां स्थान हासिल किया था।
छोटे हों या बडे़, हमारे हर नगर निकाय ने इस बार पहले से कहीं ज्यादा मेहनत की है। पिछली बार भी हमारे नगर निकायों ने अच्छा प्रदर्शन किया था। मैं इस बार और भी ज्यादा आश्वस्त हूं कि औपचारिक तौर पर जब भी नतीजे सामने आएंगे, उत्तराखंड सफाई के महाभियान में अपना अहम योगदान करता नजर आएगा।
-मदन कौशिक, शहरी विकास मंत्री, उत्तराखंड