सनी लियोनी को किसने कहा कच्चे चावल?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बॉलीवुड स्टार्स को अपने इशारों पर नचाने वाली डांस डायरेक्टर और कॉरियोग्राफर सरोज खान आज भी किसी नए गाने की कॉरियोग्राफी करती हैं तो घबराहट पीछा नहीं छोड़ती।
सरोज बताती हैं, कॉरियोग्राफी करते वक्त दिमाग से सभी पुरानी चीजें साफ कर देती हूं। भुला देती हूं कि मैं डांसर भी हूं। बिल्कुल नई सोच के साथ नया गाना कॉरियोग्राफ करती हूं।
सरोज ने कहा कि आज डांस के नाम पर कीमा बनता है। थोड़े इधर से थोड़े उधर के स्टेप जोड़ गाना तैयार कर दिया जाता है।
मुझे तो कच्चे चावल सौंपे गए हैं
बृहस्पतिवार को दून पहुंची सरोज खान ने बातचीत में अपने अंदाज और अनुभव को इस तरह बयां किया। सरोज सप्तक कॉलेज ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट की ओर से शुरू होने जा रही एक माह की डांस क्लास से पहले पत्रकारों से मुखातिब थीं।
सरोज इन दिनों एक्ट्रेस सनी लियोनी को डांस सिखा रही हैं। क्या वो कर पा रही हैं, सरोज कहती हैं- मुझे तो कच्चे चावल सौंपे गए हैं। अभी उन्हें धोऊंगी, पकाऊंगी, इसके बाद ही कुछ कह पाऊंगी। उन्होंने कहा कि आज स्टूडेंट्स मास्टर से रिश्ता नहीं समझते। पहले एक शब्द होता था आज्ञाकारी, वो अब नहीं रहा।
अब जैसे माता-पिता रोते हैं कि हमें कैसी औलाद मिल गई, वैसे मास्टर भी रोते हैं कि कैसा स्टूडेंट दे दिया। क्या सिखाया था, क्या कर रहा है। वार्ता के दौरान विक्रांत जैन, अशोक वर्मा आदि रहे।
मां को लगता था, मैं पागल हूं
बकौल सरोज, मुझे बचपन से डांस का शौक था। परछाई देखकर एक्शन करती थी तो मां पागल समझने लगीं। वो मुझे डॉक्टर के पास भी ले गईं। बोली- ये अजीब हरकतें करती है, शायद दिमागी हालत ठीक नहीं। डॉक्टर कुछ ही देर में समझ गया कि मुझे डांस का शौक है।
उन्होंने मां को मुझे डांस स्कूल में डालने को कहा। गरीबी के चलते ऐसा नहीं हो सका। फिर उन्हीं डॉक्टर के जरिए मुझे पहली फिल्म मिली। मैं तीन साल की थी, जब फिल्म ‘नजराना’ में श्यामा के बचपन का रोल किया। 12 की उम्र में फिल्म ‘कॉलेज गर्ल’ में वैजयंती माला को डांस सिखाया। फिल्म ‘दिल ही तो है’ में नूतन को नचाया और खुद भी ग्रुप में डांस किया।
विजिट कर परखेंगी क्षमताएं
सप्तक कॉलेज ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट की डायरेक्टर स्वाति सिंह ने बताया कि एक जून से डांस वर्कशॉप शुरू हो रही है। यह रेसकोर्स स्थित सप्तक कॉलेज, सेंट एनीज स्कूल नेहरू कॉलोनी और सेंट जेवियर स्कूल कैनाल रोड पर आयोजित होगी। एक माह चलने वाली वर्कशॉप में सरोज खान के शिष्य डांस सिखाएंगे। बीच में सरोज खान भी विजिट करेंगीं। प्रतिभागियों को सरोज के हस्ताक्षर किए सर्टिफिकेट भी दिए जाएंगे।