चारधाम यात्रा पर रोक, केदारनाथ में फंसे कई यात्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारी बारिश और बर्फबारी के चलते प्रशासन ने फिलहाल चारधाम यात्रा पर रोक लगाने का फैसला किया है। बदरीनाथ और केदारनाथ यात्रा मार्ग पर जाने वाले श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने पर रोक लगा दी गई है।
धाम में फंसे श्रद्धालुओं को जत्थे में पैदल मार्ग से भेजा जा रहा है। जिन लोगों को चलने में दिक्कत हो रही है उनको हेलीकॉप्टर से भेजा रहा है।
केदारनाथ धाम से ऐसे यात्रियों को लाने के लिए गुप्तकाशी में तीन हेलीकॉप्टर तैयार हैं जो श्रद्धालुओं को ले आ रहे हैं।
केदारनाथ में फंसे थे 170 यात्री
केदारनाथ में शनिवार रात लगभग 10 बजे से तेज बारिश शुरू हो गई। लगभग एक घंटे तक भारी ओलावृष्टि हुई। रात को तापमान गिरने के कारण रविवार सुबह धाम में बर्फबारी भी शुरू हो गई।
सुबह नौ बजे तक चार से पांर्च इंच तक बर्फ गिरी। वहीं केदारनाथ पैदल मार्ग पर तेज बारिश होती रही। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित पड़ावों पर रुकवा दिया। शनिवार रात धाम में 170 श्रद्धालु रुके थे।
रविवार को दोपहर 12 बजे बाद धाम में बारिश रुकने पर चलने-फिरने में सक्षम लोगों को नीचे भेजना शुरू कर दिया गया। सुबह एसडीएम ऊखीमठ उत्तम सिंह चौहान, एसडीएम जखोली लक्ष्मी राज चौहान और पुलिस क्षेत्राधिकारी जीबी पांडे भी सोनप्रयाग पहुंच गए।
चॉपर से गुप्तकाशी पहुंचाए 8 श्रद्धालु
रविवार देर शाम आठ श्रद्धालुओं को केदारनाथ और लिनचोली से चॉपर के जरिए गुप्तकाशी लाया गया। केदारनाथ में एक विकलांग श्रद्धालु के साथ उनके तीन परिजनों और लिनचोली से हैदराबाद के चार अस्वस्थ श्रद्धालुओं को गुप्तकाशी लाया गया।
धाम में रुके अन्य चार यात्रियों को पैदल मार्ग से एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) और एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) के जवान सोनप्रयाग तक ले आए।
बारिश से पैदल मार्ग पर कीचड़ हो गया है जिससे यात्रियों को चलने में दिक्कत हो रही है। केदारनाथ धाम से सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
बदरीनाथ मार्ग पर गिर रहे पत्थर
बदरीनाथ धाम सहित जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बारिश और बर्फबारी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बदरीनाथ की यात्रा रोक दी है। यात्रा वाहनों को जोशीमठ और पांडुकेश्वर से आगे नहीं जाने दिया जा रहा है।
बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ में भूस्खलन क्षेत्र में चट्टान से पत्थर छिटकने शुरू हो गए हैं, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बदरीनाथ जाने वाले यात्री और स्थानीय वाहनों की आवाजाही रोक दी है।
पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मीणा का कहना है कि बारिश रुकने के बाद ही यात्रा वाहनों को बदरीनाथ जाने की अनुमति दी जाएगी। जोशीमठ और पांडुकेश्वर में करीब 35 वाहन रोके गए हैं जिनमें करीब 250 तीर्थयात्री मौजूद हैं।
बाल-बाल बचे चमोली के एसपी
रविवार को अपराह्न दो बजे बदरीनाथ धाम से लौट रहे चमोली के पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मीणा भी लामबगड़ भूस्खलन जोन में पत्थरों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
एसपी का वाहन जैसे ही लामबगड़ भूस्खलन जोन पर पहुंचा तो वाहन के ठीक सामने चट्टान से पत्थर छिटकने शुरू हो गए। पत्थरों की चपेट में आने से वाहन बाल-बाल बच गया।
जब पत्थरों के गिरने का सिलसिला रुका तभी पुलिस अधीक्षक आगे बढ़ पाए।