विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार महत्वकांक्षी योजना के तहत देश की जनता को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने का काम कर रही है। उन्होंने विकासनगर ब्लाक मुख्यालय पर भारतीय खाद्य निगम के माध्यम से आयोजित किए गए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।
भारतीय खाद्य निगम के तत्तवाधान में आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष में मनाए जा रहे अमृत महोत्सव के तहत कार्यक्रम का आयोजन करके जनप्रतिनिधियों को खाद्यान्न के क्षेत्र में संचालित की जा रही योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर निगम के अधिकारियों ने जनता को निगम से मिलने वाली अन्य सुविधाओं के बारे में भी बताया। कार्यक्रम का उदघाटन करते हुए विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार के माध्यम से खाद्यान्न वितरण योजना, खाद्य प्रसंस्करण योजना व पौष्टिक भोजन वितरण जैसी कई प्रकार की योजनाओं से जनता को लाभान्वित करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता को इस प्रकार की योजनाओं से काफी फायदा भी मिल रहा है। इसके पहले निगम के मंडल प्रबंधक सचिन देव ने भारतीय खाद्य निगम की योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा वीडियो व पीपीटी के माध्यम से जनप्रतिनिधियों के सामने रखा। कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख जसविंदर सिंह, सुरेश सारस्वत, प्रखर राणा, खुशी राम जोशी, भारू सिंह, राजीव भण्डारी, रेनू खान, जितेंद्र रिंकू मौजूद रहे।