गंगनहर में समाई बारातियों की कार, पांच की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कनखल थाना क्षेत्र के गांव मिस्सरपुर से गंगोह (सहारनपुर) गई बारात में लौटते समय कार सवार पांच बारातियों की कार शुक्रवार रात तिरछे पुल के पास गंगनहर में समा गई। रातभर ग्रामीण उनकी तलाश करते रहे। अगले दिन भी खोजबीन चलती रही। लेकिन किसी का कहीं पता नहीं चला।
शनिवार शाम एक राहगीर की निगाह गंगनहर में कार दिखने पर प्रशासनिक अमला हरकत में आया। क्रेन की मदद से पुलिस और ग्रामीणों ने कार और इसमें फंसे शवों को एक-एक कर बाहर निकाला गया। हादसे के बाद से गांव में मातम छाया हुआ है।
शुक्रवार को मिस्सरपुर निवासी अरविंद सैनी की बारात गंगोह गांव गई हुई थी। दोपहर में शादी की रस्में पूरी होने के बाद शाम को बारात वापस आई। मिस्सरपुर के ही राजू (23) की कार में चार युवक भूपेंद्र (32), हेमंत (32), मनीष (22) और टीनू भी बारात में गए थे।
शाम के वह भी वापस आने के लिए रवाना हुए। आते समय भूपेंद्र की अपनी पत्नी से मोबाइल फोन पर बातचीत भी हुई। लेकिन देर शाम तक पांचों गांव नहीं लौटे। मोबाइल फोन पर भी संपर्क नहीं हो रहा था।
राहगीर ने नहर में कार देख पुलिस को दी सूचना
पूरे गांव में यह खबर आग की तरह फैल गई। रातभर ग्रामीण गंगोह से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर इनकी तलाश करते रहे लेकिन पता नहीं चला। सुबह फिर ग्रामीण एकत्र हुए और खोजबीन में जुट गए। दोपहर बाद भाजपा के जिला उपाध्यक्ष नरेश शर्मा की अगुवाई में ग्रामीण सीधे कनखल थाने पहुंचे।
ग्राम प्रधान रविंद्र कुमार ने एसओ कनखल को मामले की जानकारी दी। एसओ ने एसओजी की मदद से पांचों के मोबाइल फोन की लोकेशन ली। उनमें से दो युवकों की लोकेशन धनौरी क्षेत्र में मिली। कनखल पुलिस छानबीन में जुटी थी इसी बीच एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी कि धनौरी तिरछे पुल के पास पानी में एक कार दिख रही है।
विधायक स्वामी यतीश्वरानंद और थानाध्यक्ष कनखल ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। इसी बीच रुड़की के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मंगेश घिल्डियाल, सीओ कुलदीप असवाल, एसओ पिरान कलियर महेश जोशी, गंगनहर कोतवाली प्रभारी जवाहरलाल ने मौके पर पहुंचकर आनन फानन में क्रेन बुलाई। देर शाम तक कार और इसमें फंसे शवों को एक-एक कर बाहर निकाला गया। एसपी सिटी नवनीत सिंह ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।