ढाई दिन बाद 'मौत' की खाई से जिंदा निकला शख्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कार समेत गहरी खाई में गिरा दिल्ली का हरजिंदर सिंह (40) ढाई दिन तक मौत को हर पल मात देता रहा। आखिरकार हरजिंदर की जिद की जीत हुई और वह जिंदा बाहर निकल आया।
दोस्त की मौके पर ही मौत हो गई। ढूंढ खोज में निकले दोस्तों ने उसे मंगलवार शाम खाई से बाहर निकाला।
हादसा बीते रविवार का है जेजे कॉलोनी ख्याला दिल्ली निवासी हरजिंदर सिंह पुत्र स्व. सरदार सिंह अपने पड़ोसी जगजीत सिंह (36) की इंडिका कार से बीते सात अक्तूबर को हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए आया था।
बताया जा रहा है बीते रविवार को दोनों हेमकुंड के दर्शन कर वापस लौट रहे थे, इसी बीच ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर तोताघाटी के समीप सौणपानी में कार बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी।
108 सेवा से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के शिकार लोगों के मोबाइल स्विच ऑफ आने पर परिजनों को चिंता हुई। दिल्ली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
मंगलवार तड़के दिल्ली से नौ लोगों के साथ निकले पड़ोसी कुलवीर सिंह दोपहर में ब्यासी चौकी से आगे तोताघाटी पर चाय पीने के लिए रुके। यहां पता चला कि एक कार खाई में नीचे गिरी है।
सभी ग्रामीणों की मदद से नीचे खाई में उतरे तो यहां एक कार क्षतिग्रस्त मिली। कार के अंदर झांका तो दो लोग मिले। बमुश्किल बाहर निकाला तो चौंक गए।
जगजीत सिंह मृत और हरजिंदर घायल मिला। रात करीब साढ़े आठ बजे 108 सेवा से घायल को लेकर सरकारी अस्पताल ऋषिकेश पहुंचे।
शरीर में कीड़े पड़ चुके थे
ढाई दिन से भूखे प्यासे वीरान जगह पर घायलावस्था में पड़े हरजिंदर के शरीर में कीड़े पड़ चुके थे। बहरहाल, अस्पताल में उसका उपचार शुरू हो गया है।
पुलिस को भनक तक नहीं
हद हो गई बीते रविवार को तोताघाटी के समीप सौणपानी में कार खाई में गिरी, लेकिन स्थानीय पुलिस को भनक तक नहीं लगी। मंगलवार सुबह खाई में नीचे एक ग्रामीण बकरी चुगाने गया था, उसे वहां कार दुर्घटनाग्रस्त मिली। उसने इसकी जानकारी दोपहर में चाय वाले को दी थी।
चिकित्सक संतोष पंत ने बताया कि फिलहाल शरीर पर जख्म हैं। फ्रेक्चर की संभावना कम लग रही है। हरजिंदर के जिंदा होने पर सभी हैरत में है। जिस जगह वह मिला, वहां जंगली जानवरों का इलाका है। किसी ने हमला नहीं किया।
एक मैकेनिक तो दूसरा प्रॉपर्टी डीलर
ढूंढ खोज के लिए दिल्ली से आए पड़ोसी राजेंद्र सिंह ने बताया कि हरजिंदर फ्रिज और एयरकंडीशन का मैकेनिक है, उसका खुद का काम है।
जबकि हादसे में मृत जगजीत सिंह प्रॉपर्टी डीलर था। दोनों शादीशुदा हैं और दो-दो बच्चें हैं। घरवालों को अभी हादसे के बारे में नहीं बताया है।