गहरी खाईं में गिरी ऑल्टो, तीन की मौत
चकराता तहसील क्षेत्र के फैडूलानी-मलेथा मोटर मार्ग पर आल्टो कार भैवना छानी के समीप खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
मृतक चकराता तहसील के रहने वाले हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहिया में प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार कार (यूपी-64-बी-4057) मलेथा गांव से साहिया आ रही थी। कार में चालक समेत छह लोग सवार थे। सभी माघ पर्व में शामिल होकर साहिया आ रहे थे।
बताया जा रहा है कि भैवना छानी के समीप मंगलवार शाम करीब साढे़ पांच बजे चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार करीब 200 मीटर नीचे खाई में जा गिरी।
ग्रामीणों ने शव और वाहन को बाहर निकाला
वाहन गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शवों और घायलों को खाई से बाहर निकाला। निजी वाहनों से घायलों को सीएचसी साहिया में भर्ती कराया गया।
मृतकों की पहचान पूरण सिंह (35) पुत्र कलम दास निवासी हाजा, कमलू (45) पुत्र रतिया निवासी कलेथा, चालक बिशन (32) पुत्र कमलनाथ निवासी क्यावा और घायलों की पहचान नरेश वर्मा पुत्र सामदास निवासी सैंज कोरुवा तहसील कालसी, रणजीत वर्मा पुत्र गब्बर वर्मा निवासी बोहरी तहसील कालसी, सतपाल पुत्र मथुरादास निवासी बास्तिल तहसील चकराता के रूप में हुई।
पूरण सिंह डाक विभाग में रनर, जबकि कमलू लोक निर्माण विभाग में बेलदार के रूप में कार्यरत था। एसडीएम अरविंद कुमार पांडेय ने बताया सीएचसी साहिया में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।