लव मैरिज के लिए नहीं माने घरवाले तो युवक ने फांसी लगाकर दी जान, सदमे में प्रेमिका ने भी खाया जहर
- प्रेम विवाह के लिए परिजनों की मंजूरी नहीं मिलने पर प्रेमी जोड़े ने उठाया आत्मघाती कदम
- गंभीर हालत में युवती को एम्स ऋषिकेश में कराया भर्ती
विस्तार
उत्तराखंड के हरिद्वार में पथरी क्षेत्र में लव मैरिज के लिए परिजनों की मंजूरी न मिलने से आहत प्रेमी जोड़े ने आत्मघाती कदम उठाया। एक ही घर में युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं युवती ने जहर खाकर जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश की। सुबह के समय गंभीर हालत में युवती को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया है।
हालांकि युवती की हालत नाजुक बनी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की पड़ताल करनी शुरू कर दी है। पुलिस को युवक के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना क्षेत्र के गांव फेरुपुर गांव की है। गांव के युवक शशिकांत (20) पुत्र जगपाल का करीब दो वर्ष से पड़ोस में अपने रिश्तेदारी में रह रही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
एक ही बिरादरी से ताल्लुक रखने वाले युवक-युवती ने प्रेम प्रसंग की जानकारी अपने परिजनों को दी थी, लेकिन वह शादी के लिए तैयार नहीं हुए। इससे प्रेमी युगल काफी आहत थे। मंगलवार की सुबह शशिकांत अपने कमरे से नहीं निकला।
शव पंखे से झूलता दिखा
पिता ने दरवाजा खटखटाया मगर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो शशिकांत का शव पंखे से झूलता दिखा। जबकि युवती उसी के कमरे में अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी।
युवक के परिजनों ने तुरंत सूचना युवती के परिजनों को दी। सूचना पर आनन फानन में युवती के परिजन मौके पर पहुंचे। किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसओ सुखपाल मान भी मौके पर पहुंच गए। संभावना जताई जा रही है कि युवती रात में किसी समय युवक के कमरे में आई होगी।
पहले भी कर चुका है कोशिश
इसी दौरान दोनों ने आत्महत्या की कोशिश की होगी। इसमें युवक की जान चली गई और युवती अचेत हो गई। एसओ ने बताया कि युवती के होश में आने के बाद पूरे मामले की जानकारी ली जाएगी। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आशंका है कि परिजनों की ओर से शादी के लिए मंजूरी न मिलने के चलते युवक-युवती ने इस घटना को अंजाम दिया है।
एसओ सुखपाल सिंह मान ने बताया कि एक साल पहले भी शशिकांत ने आत्महत्या करने की कोशिश की थी। मगर उस दौरान उसकी जान बच गई थी। उधर, युवती ने किस तरह का जहरीला पदार्थ खाया है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने इसकी पुष्टि के लिए युवती को एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया है।