बोर्डिंग स्कूल गैंगरेप प्रकरण: बढ़ी स्कूल की मुश्किलें, उत्तराखंड सरकार ने उठाया ये कदम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून के बोर्डिंग स्कूल में छात्रा से गैंगरेप की घटना सामने आने के बाद सरकार ने सीबीएसई को पत्र भेजकर मान्यता निरस्त करने की सिफारिश की है। शिक्षा सचिव डा. भूपिंदर कौर औलख ने सीबीएसई के केंद्रीय निदेशक को इस आशय का पत्र भेजा है।
मंगलवार को राज्य मंत्री रेखा आर्य ने भी स्कूल के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बुधवार को सचिव शिक्षा डा. भूपिंदर कौर औलख ने सीबीएसई के केंद्रीय निदेशक को पत्र भेजकर स्कूल की मान्यता समाप्त करने की सिफारिश की।
पत्र के माध्यम से उन्होंने बताया कि बुधवार को शिक्षा विभाग की टीम ने स्कूल का निरीक्षण किया था, जिसमें कई तरह की खामियां मिली। मंगलवार को ही मुख्य शिक्षा अधिकारी एसबी जोशी ने शिक्षा निदेशक आरके कुंवर को पत्र भेजकर विद्यालय की एनओसी निरस्त करने की सिफारिश की थी।
शिफ्ट किए जाएं छात्र
सचिव शिक्षा डा. भूपिंदर कौर औलख ने अपने पत्र में स्कूल में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को अन्य नजदीकी विद्यालयों में शिफ्ट करने का अनुरोध भी किया है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही गृह और बोर्ड परीक्षाएं होने वाली है। इसलिए अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को अन्य विद्यालयों में समायोजित कर उनकी परीक्षा की व्यवस्था की जानी भी आवश्यक है।
राज्यपाल, सीएम से मिले निदेशक
सीबीएसई के क्षेत्रीय निदेशक रणबीर सिंह ने बुधवार को राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय से मुलाकात की। माना जा रहा है कि उन्होंने प्रकरण की जानकारी भी दी है। उन्होंने बताया कि सीबीएसई केंद्रीय कार्यालय को बुधवार को ही स्कूल के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जा चुका है।