मोहर्रम पर खून बहाया नहीं, कर दिया दान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
करबला के मैदान में इमाम हुसैन आली मकाम और उनके 72 साथियों की शहादत से प्रेरणा लेकर दून जिले के विकासनगर क्षेत्र के अंबाड़ी इलाके के पुरुषों और महिलाओं ने रक्तदान करके सकारात्मक पहल की है। इसी तरह हरिद्वार समेत दूसरे क्षेत्रों के लोगों ने भी मोहर्रम के दौरान रक्तदान शिविरों के आयोजन करने का फैसला किया है।
इस नेक काम में अमर उजाला फाउंडेशन भी अंजुमनों के साथ है। चेहल्लम में फाउंडेशन इनके साथ रक्तदान शिविरों का आयोजन करेगा।
मोहर्रम की 10 तारीख को छुरियों का मातम, कमां लगा लहूलुहान होकर करबला के शहीदों का गम मनाने के अलावा अंबाड़ी की अंजुमन-ए-हैदरी कमेटी और बल्ती यूथ फेडरेशन की अजादारी मंगलवार को दूसरों से कुछ अलग रही। इन्होंने इस सोच के तहत कि गम-ए-हुसैन में निकलने वाले खून का बेहतर इस्तेमाल यह भी हो सकता है कि इसे किसी जरूरतमंद को दिया जाए, जिससे किसी मरीज की जान बचे।
करबला के शहीदों की याद में अंबाड़ी में आईएमए के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में खूनदान करने वालों में पुरुषों और महिलाओं को मिलाकर कुल संख्या 140 थी, लेकिन इस कार्यक्रम से रक्तदान का अहद लेने वाले सैकड़ों में रहे।
चेहल्लम में फिर करेंगे रक्तदान
अंजुमन मोइनुल मोमनीन देहरादून के सचिव सैयद अफसर हुसैन का कहना है कि इंशाल्लाह वह चेहल्लम में रक्तदान शिविर का आयोजन करेंगे। आइंदा रक्तदान शिविर अपने कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा।
दून में इनामुल्लाह बिल्डिंग के दो लोगों ने अंबाड़ी के मामले से प्रेरित होकर दो सेप्टीसीमिया के मरीजों को रक्तदान किया। लेकिन नाम बताने से गुरेज किया। रुड़की और हरिद्वार के शिया समुदाय के लोगों ने भी चेहल्लम पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है।
इस बार मोहर्रम में ब्लड डोनेशन कैंप नहीं लगा पाए। अंबाड़ी के संबंध में जानकारी मिली थी। अगली बार रक्तदान के संबंध में विचार-विमर्श किया जाएगा। चेहल्लम में तो रक्तदान करेंगे ही।
-सैयद हसन जैदी, सचिव अंजुमन मोइनुल मोमनीन देहरादून।
हर बार मातमी जुलूस में जंजीर, छुरी का मातम करते हैं। लेकिन रक्त के एक कतरे से यदि किसी की जान बच जाए तो इससे भला और क्या हो सकता है।
-फिरोज खान, अंबाड़ी रक्तदान शिविर में खूनदान करने वाले
इमाम हुसैन ने हमेशा गरीबों-मजलूमों की मदद की। ऐसे में उनकी याद में सही मेरा खून भी किसी के काम आ सकेगा।
-केशर अली, अंबाड़ी रक्तदान शिविर में खूनदान करने वाले
पहल को सराहा
जन संघर्ष मोर्चा के ब्लाक अध्यक्ष पिन्नी शर्मा ने अंजुमन ए हैदरी कमेटी और बल्ती यूथ फेडरेशन अंबाड़ी की इस पहल की सराहना की। कहा कि कमेटी का कदम सराहनीय है।