BJP विधायक से परेशान होकर साले ने दी परिवार संग आत्महत्या की चेतावनी, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार के लक्सर से स्थानीय विधायक संजय गुप्ता के रिश्ते के साले ने विधायक की हरकतों से परेशान होकर सोशल मीडिया पर पूरे परिवार के साथ आत्महत्या करने की चेतावनी वाली पोस्ट डालकर खलबली मचा दी है।
इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने वाले युवक की पत्नी ने इस संबंध में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। वहीं, विधायक संजय गुप्ता ने युवक के परेशान करने के आरोपों को निराधार बताते हुए मुकदमा दर्ज कराने की बात कही है।
कुछ दिन पूर्व अपने ‘झोंटा बिरयानी’ वाले बयान से विवादों में आए लक्सर विधायक संजय गुप्ता को लेकर अब एक नया विवाद खड़ा हो गया है। ससुराल अकोढ़ा खुर्द गांव निवासी रिश्ते में उनके साले दीपक गुप्ता का विधायक संजय गुप्ता के साथ कुछ बातों को लेकर खींचतान चली आ रही है।
बृहस्पतिवार को जीजा साले के बीच चली आ रही अंतर्कलह जब सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंची, तो लक्सर क्षेत्र की राजनीति गरमा गई। दीपक गुप्ता ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर लिखा है कि विधायक संजय गुप्ता अपनी राजनीतिक पहुंच के चलते सरकारी अधिकारियों के ऊपर दबाव बनाकर उनके ठेकेदारी के कार्य को प्रभावित कर रहे थे। उन्होंने विधायक संजय गुप्ता पर पैसे मांगने और न देने पर परिवार को परेशान करने का आरोप लगाया है।
मेरे नाम का दबदबा बनाकर कार्य कर रहा था...
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस पोस्ट में यह भी लिखा है कि विधायक के हस्तक्षेप के चलते उनका सरकारी विभागों में लाखों रुपया फंसा पड़ा है। दीपक ने पोस्ट में चेतावनी दी है कि अगर विधायक ने उनके परिवार को परेशान करना बंद नहीं किया तो वह पूरे परिवार के साथ आत्महत्या करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी विधायक संजय गुप्ता की होगी। दीपक गुप्ता की पत्नी रश्मि गुप्ता ने इस बाबत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन के अलावा मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह को पत्र भेजकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने मांग की है।
दीपक पिछले कुछ दिनों से सरकारी विभागों में मेरे नाम का दबदबा बनाकर कार्य कर रहा था। मैंने सरकारी अधिकारियों को किसी के भी दबाव में आकर काम न करने की सख्त हिदायत दी थी। मेरे ऊपर लगाए आरोप पूरी तरह से गलत और निराधार हैं। इस मामले में मैं दीपक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराऊंगा।
-संजय गुप्ता, लक्सर विधायक