घोड़े पर टूटा विधायक जोशी का कहर, पीट-पीटकर किया घायल
- पुलिस के घोड़े पर ताबड़तोड़ लाठियां बरसाते रहे विधायक।
- वीडियो सोशल मीडिया में वाइरल।
- विधायक पुलिस वालों से भी उलझे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा विधायक गणेश जोशी ने पुलिस की भड़ास बेजुबान पर निकालते हुए उसे बेरहमी से पीट दिया। एसएसपी और दूसरे पुलिसकर्मियों के रोकने के बावजूद विधायक पुलिस के घोड़े पर ताबड़तोड़ लाठियां बरसाते रहे।
विधायक का हाथ तब तक नहीं रुका जब तक घोड़ा लहूलुहान होकर जमीन पर नहीं गिर गया। पुलिस ने विधायक गणेश जोशी और उनके समर्थकों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। विधायक गणेश जोशी की इस हरकत का वीडियो सोशल मीडिया में वाइरल हो गया है। इसकी सोशल मीडिया समेत प्रदेश भर में तीखी भर्त्सना हो रही है।
रिस्पना पुल के समीप अंतिम बैरिकेडिंग पर पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ता विधानसभा तक पहुंचने के लिए पुलिस के साथ धक्कामुक्की कर रहे थे। शक्तिमान नाम के घोड़े पर बैठा घुड़सवार पुलिसकर्मी भाजपाइयों को रोकने की कोशिश कर रहा था। तभी युवा नेता जितेंद्र रावत मोनी जमीन पर गिर पड़े और घोड़ा बिदक गया।
घोड़े के लात मारने पर भड़के विधायक जोशी
अफरातफरी में घोड़े ने जितेंद्र रावत को लात मार दी। यह बात विधायक जोशी को नागवार गुजरी। विधायक ने आव देखा न ताव एक पुलिसकर्मी के हाथ से डंडा छीनकर घोड़े पर ताबड़तोड़ डंडे की बौछार कर दी। एसएसपी सदानंद दाते समेत पुलिसकर्मी विधायक को रोकते रहे, लेकिन विधायक पुलिस वालों से भी उलझ पड़े।
घोड़ा खुद को बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ता रहा। फिर भी विधायक को तरस नहीं आया और वे घोड़े के पीछे भागकर डंडों से प्रहार करते रहे। इसी अफरातफरी में घोड़े का पांव रेलिंग में फंसा और वह जमीन पर गिर गया। रेलिंग में फंसने के बाद घोड़े का पांव टूट गया और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। उसके बाद विधायक पुलिस वालों पर भी गुस्सा जताते नजर आए।