BJP के आमरण अनशन में खुद ही भिड़ गए नेताजी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के बाजपुर में टूटी सड़कों को लेकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष के आमरण अनशन के छठे दिन जीजीआईसी बंद कराने के दौरान पुलिस ने भाजपा नगर मंडलाध्यक्ष विमल शर्मा और महामंत्री खीम सिंह दानू को हिरासत में ले लिया।
इसके बाद जमकर बवाल हुआ। भाजपा नेताओं को छुड़ाने पहुंचे विधायक अरविंद पांडे और एएसपी के बीच जमकर खींचातानी हुई। इससे कोतवाली में अफरातफरी मच गई। बंद कमरे में अधिकारियों से गुफ्तगू के बाद विधायक पांडे बाहर आए।
बुधवार को बेरिया दौलत सड़क समेत क्षेत्र की टूटी सड़कों को लेकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह के अनशन के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने इंटरमीडिएट कालेज, बीसीएसएफ, जीजीआईसी को बंद करा दिया। सूचना मिलते ही कोतवाल ओमप्रकाश शर्मा पुलिस फोर्स के साथ जीजीआईसी पहुंचे।
पुलिस ने जीजीआईसी बंद करा रहे भाजपा नगर मंडलाध्यक्ष विमल शर्मा, महामंत्री खीम सिंह दानू को हिरासत में ले लिया। इस पर भाजपा नेता राजेश कुमार की कोतवाल से झड़प हो गई। भाजपाइयों ने कोतवाली में छात्रों के साथ जमकर हंगामा किया।
पुलिस के सामने हुई तीखी झड़प
गदरपुर के भाजपा विधायक अरविंद पांडे भी समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंच गए। विधायक पांडे खींचकर विमल और दानू को बाहर निकालकर ले जाने लगे। इस पर वहां मौजूद एएसपी देवेंद्र कुमार पिंचा, सीओ पीसी आर्य, कोतवाली ओमप्रकाश शर्मा ने कोतवाली गेट के पास विधायक पांडे को घेर लिया।
एएसपी पिंचा और विधायक पांडे के बीच खूब खींचातानी हुई। एएसपी पिंचा पुलिस बल के साथ विधायक पांडे को पकड़ कर कोतवाल के कमरे में ले गए। जहां दोनों के बीच तीखी झड़प हो गई। इस मौके पर भाजपा नेता राजेश कुमार, मेजर सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष टिंकू यादव, जगतार सिंह बाजवा, तनिकेत पासी, हरीश वर्मा, कुलप्रीत सिंह, महकराज चौधरी मौजूद थे।
विधायक को हाथ लगाया तो कर लूंगा आत्मदाह
एएसपी और विधायक पांडे के बीच हुई खींचतान के दौरान भाजपा नगर युवा मंडल अध्यक्ष टिंकू यादव ने साफ शब्दों में कहा कि विधायक पांडे पर हाथ लगाया तो आत्मदाह कर लूंगा। जिस पर पुलिस प्रशासन सन्न रह गया।
फिर एएसपी ने विधायक पांडे से बंद कमरे में बातचीत की। भाजपा नेता मेजर सिंह और जगतार सिंह बाजवा ने एएसपी देवेंद्र पिंचा से बातचीत कर मामला शांत कराया।
सीओ काशीपुर को सौंपी जांच
एएसपी अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पिंचा ने बताया कि कोतवाली में भाजपाइयों द्वारा हंगामा करने के मामले की जांच सीओ काशीपुर पीसी आर्य को सौंपी गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सीसी कैमरों के फुटेजों का हो रहा अवलोकन
कोतवाली में बुधवार को विधायक पांडे के साथ कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हंगामे को लेकर पुलिस प्रशासन चौकन्ना हो गया है।
सूत्रों के अनुसार कोतवाली में लगे सीसी कैमरों से हंगामे के दौरान के फुटेजों का सर्वेक्षण किया जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि फुटेजों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।