ऐसे नहीं हुई बागियों की एंट्री, भाजपा में चला था लंबा मंथन
- - विजय बहुगुणा और हरक सिंह रावत समेत नौ विधायकों ने ग्रहण की सदस्यता
- - कुंभ में रहने के वजह से रेखा आर्य नहीं हो सकीं शामिल
- - प्रदेश नेताओं के विरोध को दरकिनार कर भाजपा आलाकमान ने लिया निर्णय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लंबे मंथन के बाद भाजपा ने उत्तराखंड में कांग्रेस से बगावत करने वाले विधायकों को पार्टी में शामिल कर लिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट की मौजूदगी में विजय बहुगुणा और हरक सिंह रावत समेत कांग्रेस के नौ बागी विधायकों ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। देर शाम पार्टी मुख्यालय पर आयोजित समारोह में इन विधायकों के पार्टी में शामिल होने का एलान किया गया।
इससे पहले राज्य भाजपा कोर समूह के नेताओं के साथ बैठक में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने उनकी राय टटोली। प्रदेश भाजपा के ज्यादातर नेताओं ने कांग्रेस के बागी विधायकों को पार्टी में शामिल कराने का विरोध किया। मगर पार्टी आलाकमान ने बागी विधायकों की जीत की क्षमता को देखते हुए उन्हें भाजपा में शामिल करने का निर्णय लिया है।
प्रदेश नेताओं में महज पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ही बागी विधायकों को भाजपा में शामिल करने के पक्ष में दिखे। बताया जा रहा है कि बीसी खंडूरी, रमेश पोखरियाल निशंक और त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत तमाम अन्य नेताओं ने कांग्रेस के बागी विधायकों को पार्टी में शामिल करने का विरोध किया।
अमित शाह के ऊपर छोड़ दिया गया फैसला
कोर समूह की बैठक में राज्य नेताओं की बात सुनने के बाद फैसला अमित शाह पर छोड़ा गया था। संगठन महामंत्री राम लाल और प्रभारी श्याम जाजू ने शाह से बात कर बाद में विधायकों को पार्टी में शामिल करने का निर्णय लिया।
बागी विधायकों के भाजपा में शामिल होने के अवसर पर भट्ट और जाजू के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, सतपाल महाराज, मदन कौशिक, खजान दास और नरेश बंसल जैसे पार्टी के प्रदेश नेता उपस्थित थे। इससे पहले कांग्रेस के बागी विधायकों ने अमित शाह से मुलाकात कर उनसे भाजपा में शामिल होने की मंशा जताई थी। भट्ट ने बताया कि रेखा आर्य कुंभ गई हैं। इसलिए पार्टी में शामिल नहीं हो सकीं।
सबसे पहले बहुगुणा ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता
आलाकमान के निर्णय के बाद प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट और प्रभारी श्याम जाजू की उपस्थिति में कांग्रेस के नौ बागी विधायकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भट्ट ने सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा को पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत करते हुए उन्हें सदस्यता की रसीद सौंपी।
उसके बाद श्याम जाजू ने हरक सिंह रावत को पटका पहनाया और भट्ट ने उन्हें पार्टी की सदस्यता रसीद सौंपी। इसके बाद एक-एक कर सुबोध उनियाल, अमृता रावत, शैलेंद्र मोहन सिंघल, कुंवर प्रणव चैंपियन, प्रदीप बत्रा, शैला रानी रावत और उमेश शर्मा ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
भट्ट बोले, आज का दिन ऐतिहासिक
कांग्रेस के बागी विधायकों को सदस्यता दिलाने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने इस दिन को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि इन विधायकों ने उत्तराखंड को भय, भ्रष्टाचार और हरीश रावत की तानाशाही से मुक्त कराने के लिए अपनी विधायकी की कुर्बानी दी है।
सभी विधायकों ने सूबे में व्याप्त भय एवं भ्रष्टाचार के माहौल को खत्म करने के लिए बिना किसी शर्त एवं स्वेच्छा से भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। भट्ट ने कहा कि आने वाले दिनों में हम जनता के बीच जाएंगे। और हरीश रावत की सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।