11 दिन बाद केदारनाथ यात्रा शुरु, तीर्थयात्री रवाना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केदारनाथ यात्रा रविवार सुबह से शुरु हो गई। सोनप्रयाग से 43 यात्रियों ने केदारनाथ के लिए प्रस्थान किया।
यात्रियों का हौसला बढ़ाने और केदारनाथ पैदल मार्ग की स्थिति का जायजा लेने स्वयं जिलाधिकारी डॉ. राघव लंगर अफसरों के साथ सोनप्रयाग से गौरीकुंड की ओर रवाना हो चुके हैं।
खराब मौसम और सोनप्रयाग से आगे पैदल मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के कारण 16 जुलाई से प्रशासन को चार बार केदारनाथ यात्रा रोकनी पड़ी। फिलहाल 26 जुलाई तक प्रशासन ने यात्रा रोकी हुई थी।
सोनप्रयाग से आगे रोक होने से सावन के महीने में भगवान केदारनाथ को जलाभिषेक करने आए कई कावंड़ियों को लौटना पड़ा। अब 11 दिन बाद केदार यात्रा के फिर चालू होने से उम्मीद बंधेगी।
रास्तों से मलबा हुआ साफ
बदरीनाथ-केदारनाथ हाईवे देर शाम तक यातायात के लिए खुल गए हैं। बदरीनाथ राजमार्ग सिरोहबगड़ और शिवानंदी में यातायात के लिए खोल दिया गया है। रुद्रप्रयाग और खाट गांव के समीप बंद केदारनाथ हाईवे को भी शाम करीब साढ़े चार बजे पूरी तरह खोल दिया गया है।
शुक्रवार रात हुई बारिश से बदरीनाथ हाईवे सिरोहबगड़ और शिवानंदी में मलबा आने से बंद हो गया था। दोनों स्थानों पर बीआरओ ने मलबा हटाकर लगभग साढे़ 10 बजे मार्ग को आवाजाही लायक बना दिया।
मार्ग के न खुलने तक जवाड़ी बाईपास से सभी वाहनों की आवाजाही कराई गई। जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम के अनुसार बीआरओ ने सभी स्थानों पर मलबा और भूस्खलन से आए पत्थर हटाकर मार्ग को यातायात लायक बना दिया है।
हाईवे खुलने पर गंतव्य को गए तीर्थयात्री
जोशीमठ/गोपेश्वर। सड़क खुलने पर बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब के दर्शन कर लौट रहे 223 तीर्थयात्री अपने-अपने गंतव्य को रवाना हुए। जबकि 142 तीर्थयात्री बदरीनाथ और 85 तीर्थयात्री हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा पर गए।
पिनौला में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने हाईवे को बडे़ वाहनों की आवाजाही लायक बना लिया है। लामबगड़ और बैनाकुली में हाईवे दलदल में तब्दील हो गया है।
लामबगड़ गदेरे के समीप हिल साइड अटे बोल्डर वाहनों की सुचारु आवाजाही में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। सीमा सड़क संगठन के कमांडर कर्नल निलेश चंदाराना का कहना है कि हाईवे को सुचारु रखने की पूरी कोशिश की जा रही है।
डैया पुल, पिनौला, लामबगड़, पाताल गंगा और बैनाकुली में भूस्खलन क्षेत्र हाईवे के लिए खतरा बना हुआ है। पातालगंगा में थोड़ी सी बारिश होने पर भी मलबा हाईवे पर आ रहा है।
सड़क धंसने से गंगोत्री हाईवे बंद
उत्तरकाशी। शुक्रवार रात को हुई तेज मूसलाधार बारिश से गंगोत्री हाईवे कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया। लंबगांव-उत्तरकाशी मोटर मार्ग भी श्रीकालखाल के पास अवरुद्ध हुआ, जो शनिवार शाम पांच बजे तक खुल पाया। वहीं सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने से गंगोत्री हाईवे मनेरी के पास दो दिनों से बंद पड़ा है।
बीआरओ ने शनिवार दोपहर तक हाईवे पर यातायात बहाल करवाया लेकिन बृहस्पतिवार को मनेरी के पास सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने से इससे आगे गंगोत्री की ओर हाईवे पर यातायात अभी भी बंद हैं।
यहां नई सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसे बनने में अभी एक-दो दिन लग सकते हैं। वहीं शुक्रवार रात की बारिश से श्रीकालखाल के पास अवरुद्ध उत्तरकाशी-लंबगांव मोटर मार्ग भी शनिवार शाम पांच बजे खुल पाया।