तीर्थ नगरी हरिद्वार में जन्मा नन्हा केजरीवाल
आम पार्टी की ऐतिहासिक जीत के दिन शाम को 6.50 बजे तीर्थ नगरी हरिद्वार में नन्हे केजरीवाल ने जन्म लिया। हरिद्वार में मंगलवार की शाम प्रशांत त्यागी की पत्नी ने एक पुत्र को जन्म दिया।
इसे विजय का प्रताप मानते हुए अरविंद केजरीवाल से प्रभावित होकर प्रशांत ने अपने पुत्र का नाम केजरीवाल ही रख लिया।
मंगलवार को दिल्ली चुनाव में धमाकेदार जीत के बाद अरविंद केजरीवाल विश्व पटल पर छा गए।
जिस समय देश जश्न में डूबा हुआ था उसी समय शाम को 6.50 बजे महिला अस्पताल हरिद्वार में भर्ती प्रशांत की पत्नी चारू त्यागी ने एक पुत्र को जन्म दिया।
अरविंद केजरीवाल से प्रभावित प्रशांत ने इस खुशी में अपने पुत्र का नाम भी केजरीवाल ही रख दिया। मूल रूप से चमरावल जिला बागपत यूपी निवासी प्रशांत त्यागी ने बताया कि वह सिडकुल में एक फैक्ट्री में सुपरवाइजर है।
केजरीवाल नाम से पुकारकर खुश है बहन
प्रशांत हरिद्वार में ब्रहमपुरी में किराए के मकान में रहता है। प्रशांत को विश्वास है कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के आने से भ्रष्टाचार कम होगा तो देश पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा, क्योंकि दिल्ली देश का दिल है और दिल्ली पर ही सभी का ध्यान रहता है।
उसका कहना है कि अपने गांव एवं अन्य परिचितों को आम पार्टी से जुड़कर उसकी विचारधारा जन-जन तक पहुंचाने को कहता रहा। जिस समय उसे पुत्र की प्राप्ति हुई तो उसने केजरीवाल नाम दे दिया। प्रशांत की सात वर्षीय पुत्री ताशु त्यागी भी बार-बार उसे केजरीवाल नाम से पुकारकर खुश थी।
ताशु ने कहा कि केजरीवाल भईया के आने से उनके घर और सरकार में भी खुशियां आएगी। महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. भवानी पाल ने भी इस बात को लेकर खुशी जाहिर करते हुए बताया कि जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ है।