कभी दिग्गज कांग्रेसी सजाते थे बाबा का दरबार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भले ही आज योगगुरु बाबा रामदेव केंद्र-प्रदेश की कांग्रेस नीत सरकारों की फूटी आंखों से भी नहीं सुहा रहे, रोचक बात यह है कि बाबा और उनके प्रतिष्ठानों की शोभा बड़े-बड़े कांग्रेसी ही बढ़ाते रहे। दिव्य योग मंदिर से उठकर बाबा ने अपार संपदा खड़ी की। इसे खड़ा करने में कांग्रेसियों का योगदान रहा।
पूर्व सीएम तिवारी ने सौंपे थे कागजात
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी ने मुख्यमंत्री के रूप में बाबा को पतंजलि योगपीठ में आकर स्वयं विश्वविद्यालय के कागजात सौंपे थे।
योगपीठ के उद्घाटन समारोह में उन्होंने शीला दीक्षित, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रेलमंत्री लालू यादव, गिरिजा व्यास, श्रीप्रकाश जायसवाल, इंदिरा ह्दयेश, यशपाल आर्य आदि के साथ भाग लिया था।
बाबा के आयुर्वेद कॉलेज का उद्घाटन करने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद, स्वास्थ्य राज्यमंत्री पनप्पा देवी तथा केंद्रीय मंत्री सूर्यकांता पाटिल के साथ आए थे।
केंद्रीय मंत्री ने किया था मेगा फूड पार्क का उद्धाटन
केन्द्रीय खाद्य मंत्री सुबोधकांत सहाय ने देश के पहले मेगा फूड पार्क का उद्घाटन पदार्था आकर किया था। खाद्य प्रसंस्करण के लिए कांग्रेस की केंद्रीय सरकार ने बाबा इस यूनिट को करोड़ों का अनुदान भी दिया।
आश्चर्य की बात है कि सोनिया गांधी की खाद्य गारंटी योजना के मूल में मेगा फूड पार्क थे ताकि देशवासियों को सस्ता भोजन उपलब्ध कराया जा सके।
आज तक विदेशों से यदि कोई डेलीगेशन आता था तो भारत सरकार फूड पार्क दिखाने के लिए उसे बाबा के प्रतिष्ठान में लेकर आती रही है।
योगग्राम का उद्घाटन खंडूरी ने किया
देश का सबसे बड़ा नेचरोपैथी केंद्र रामदेव ने योगग्राम के रूप में स्थापित किया। इसका उद्घाटन तो भुवनचंद खंडूरी ने किया था, परंतु अंबिका सोनी को मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया गया था। सोनी उस दिन नहीं आ पाई, तीन दिन बाद वे आईं और योगग्राम बनाने के लिए बाबा को बधाइयां दे गईं।
बाबा के आयोजनों में प्रदेश कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता भाग लेते रहे हैं। गोविंद सिंह कुंजवाल, हरक सिंह रावत, तिलकराज बेहड़ आदि नेता कई बार बाबा के कार्यक्रमों में पहुंचे।
बाबा के कार्यक्रमों में नेपाल के राष्ट्रपति रामबरन यादव जब आए थे तब भी कांग्रेस के कई नेता पहुंचे थे। पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के पतंजलि आने पर भी कांग्रेस के कई नेताओं ने शिरकत की। मारीशस के राष्ट्रपति के साथ प्रदेश कांग्रेस के कई दिग्गज पतंजलि आए थे।