उत्तराखंडः फिर आएगा बर्फीला तूफान, अलर्ट जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में शनिवार को मौसम सामान्य बना रहा, लेकिन रविवार से अगले 48 घंटे तक फिर बारिश हो सकती है।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फीला तूफान आने और हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बलों को सावधानी बरतने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
गत दो मार्च को हिमस्खलन की चपेट में आकर सेना के तीन जवानों के शहीद होने के बाद अब प्रशासन इस तरह की चेतावनियों को गंभीरता से ले रहा है।
मौसम विभाग के निदेशक डा. आनंद शर्मा ने बताया कि रविवार से एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा। इसके बाद से अगले 48 घंटे तक तमाम इलाकों में हल्की और मध्यम बारिश हो सकती है।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फीला तूफान की आशंका
जिलाधिकारी सुशील कुमार ने आईटीबीपी और एसएसबी के अधिकारियों को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी डा. आरएस राणा ने बताया कि हिम एवं हिम स्खलन अध्ययन केंद्र, चंडीगढ़ ने एक बार फिर उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फीला तूफान आने और हिम स्खलन की आशंका जताई है।
उन्होंने बताया कि इस चेतावनी के बाद उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है। यह अलर्ट आठ से लेकर दस मार्च तक के लिए जारी हुआ है।
इस बीच जिले के सभी इलाकों में शनिवार को धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। यह बात अलग है कि शुक्रवार की शाम हुई बारिश से हवा में पर्याप्त नमी रही। यही वजह है कि ठंड का असर अब भी बरकरार है।