ईमानदार के साथ पुलिस ने की बदसलूकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक ऑटोवाले की ईमानदार कोशिश को शनिवार ‘मित्र’ पुलिस ने ऐसा तोहफा दिया, जिससे लोग थाने, चौकी जाने से पहले कई बार जरूर सोचेंगे।
ऑटो में सवारी का छूटा सामान पुलिस चौकी देने पहुंचे चालक का ऑटो पुलिस ने बेतुका तर्क देते हुए सीज कर दिया। उसकी दिनभर की कमाई तो डूबी ही, अब सीज ऑटो छुड़ाने का खर्च अलग से देना होगा।
पुलिस कार्रवाई के खिलाफ ऑटो यूनियन रविवार को एसएसपी से मिलकर विरोध जताएगी।
दारोगा ने कर दिया ऑटो सीज
शनिवार दोपहर ऑटो (यूके07टीए-7194) का ड्राइवर मुशर्रफ को शिमला बाईपास से बड़ोवाला तक की बुकिंग मिली।
बड़ोवाला में सवारी उतारने के बाद वह आईएसबीटी स्टैंड पहुंचा। यहां मुशर्रफ को ऑटो में एक बैग पड़ा दिखा। मुशर्रफ ने ईमानदारी दिखाई और आईएसबीटी पुलिस चौकी जाकर बैग जमा करा दिया।
आरोप है कि वहां मौजूद एक दारोगा ने बैग तो रख लिया, लेकिन ऑटो चालक को खूब खरी-खोटी सुनाई। दारोगा ने ऑटो सीज कर मुशर्रफ को पैदल दौड़ा दिया।
पुलिस के सामने गिड़गिड़ाता रहा ड्राइवर
पुलिस का कहना था कि उसने प्रीपेड बुकिंग क्यों नहीं कराई थी, जबकि ड्राइवर यही गिड़गिड़ाता रहा कि सवारी शिमला बाईपास से उठाई है, जहां प्रीपेड बूथ है ही नहीं।
मगर दारोगा ने एक न सुनी। सूचना पर ऑटो चालक यूनियन प्रधान पंकज अरोड़ा ने चौकी पहुंचकर एतराज जताया। पुलिस ने सीज ऑटो सीओ कार्यालय या कोर्ट से छुड़ाने की बात कही।
आईएसबीटी चौकी प्रभारी महेंद्र रौतेला ने बताया कि राउंड पर हूं, मामला संज्ञान में नहीं है। उन्होंने एक महिला के बैग लौटाने की बात जरूर स्वीकार की।
उधर, ऑटो यूनियन प्रधान पंकज अरोड़ा ने बताया कि वे रविवार को एसएसपी से शिकायत करेंगे।