पांच हजार जुर्माना देखा तो खुद पर छिड़क लिया कैरोसिन
पॉलीथिन बेचने वाले व्यापारी ने अपने खिलाफ कार्रवाई होते देख अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिए अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल लिया। एमएनए की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
आसपास के व्यापारियों के अनुरोध पर पुलिस ने उसे बिना कार्रवाई के छोड़ दिया। लेकिन एमएनए ने व्यापारी पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
पॉलीथिन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को एमएनए विप्रा त्रिवेदी टीम के साथ भीमगोडा पहुंची। रामलीला मैदान के सामने प्रसाद बेचने वाले मुकेश की दुकान पर भारी मात्रा में पॉलीथिन रखी थी। एमएनए ने टीम को पॉलीथिन जब्त करने के निर्देश दिए।
नाटक नहीं आया काम, लग गया जुर्माना
अपने पर कार्रवाई होते देख मुकेश ने दुकान में रखा मिट्टी का तेल अपने ऊपर डाल लिया। मिट्टी का तेल एमएनए और साथ में पहुंचे कर अधीक्षक राकेश रावत के ऊपर भी गिरा। इस तरह की घटना होते ही एमएनए ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
आसपास के व्यापारियों ने मुकेश की गलती मानते हुए पुलिस से उसे छोड़ देने का आग्रह किया। व्यापारियों के कहने पर पुलिस ने मुकेश को छोड़ दिया। एमएनए ने मुकेश पर पांच हजार रुपये का जुर्माना किया और पॉलीथिन भी जब्त की।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय हरित पंचाट (एनजीटी) ने आदेश जारी करते हुए हरिद्वार में पॉलीथिन बैग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। एनजीटी ने पॉलीथीन उपयोग में लाने वालों पर पांच हजार जुर्माने का आदेश दिया है।