लाडली से दरिंदगी पर उबाल, हत्यारे का स्केच जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लाडली से दुराचार और उसकी जघन्य हत्या तथा पुलिस प्रशासन की घोर लापरवाही के विरोध में उठी आवाज से मैदान से पहाड़ तक हिल गए। हल्द्वानी शहर खुद ही बंद हो गया।
स्कूल, कॉलेज, ही नहीं बैंक और सरकारी दफ्तर भी नहीं खुले। बुधवार को टैक्सी और टेंपो वालों ने सवारियां उतारकर वाहन खड़े कर दिए। ट्रेन रोक दी गईं।
पिथौरागढ़, जहां की लाडली रहने वाली थी, बंद तो रहा ही एसपी रोशन लाल को जबर्दस्त घेराव हुआ। पुलिस को केस वर्क आउट करने के लिए व्यापार मंडलों ने 72 घंटे का वक्त दिया है। हल्द्वानी से पहाड़ तक चौतरफा लोगों का गम और गुस्सा देखा गया।
स्केच हुआ जारी
लाडली हत्याकांड में हल्द्वानी पुलिस ने देर रात एक संदिग्ध का स्केच जारी कर दिया है। पुलिस जांच में शक की सुई डंपर चालक समेत तीन लोगों पर है। कातिलों को पकड़ने के लिए टीमें झारखंड और बिहार भी भेजी गई हैं।
अपहरण, दुष्कर्म के बाद की गई निर्मम हत्या
गौरतलब है कि 20 नवंबर को हल्द्वानी शीश महल से लाडली लापता हो गई थी। पांच दिन बाद 25 नवंबर को उसका शव मिला। जहां से वह लापता हुई थी उससे 500 मीटर की दूरी पर ही झाड़ियों में शव पड़ा था।
घटना से गुस्साए लोगों ने काठगोदाम बाजार बंद रखा। वहीं व्यापारियों ने पटेल चौक से जुलूस निकाला। पूरी हल्द्वानी के बाजार बंद हो गए। छात्र-छात्राओं ने विरोध में कैंडल मार्च निकाला। शीशमहल में आक्रोशित जनता ने नैनीताल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। नैनीताल हाईवे पर लगा जाम पुलिस के अनुरोध पर शाम सवा सात बजे खुला।
भीड़ के एक बड़े हिस्से ने मुरादाबाद-काशीपुर पैसेंजर को आधे घंटे तक रोक दिया। इधर, टेंपो-आटो और टैक्सी यूनियन के साथ ही एंबुलेंस चालकों ने भी अपनी सेवा घंटों ठप कर बंदी का समर्थन दिया। पिथौरागढ़ में लाडली की निर्मम हत्या पर उबाल देखा गया। जिला मुख्यालय अभूतपूर्व बंद रहा।
कातिलों की गिरफ्तारी के बाद ही उठेगा शव
चंपावत और टनकपुर में भी व्यापारियों और विभिन्न संगठनों ने मुख्यालय में सांकेतिक चक्काजाम लगाया। अल्मोड़ा में दरिंदगी के खिलाफ लोग सड़कों पर उतरे। छात्रों ने बंद कराया एसएसजे परिसर किया। बागेश्वर में भी कालेज बंद कराया गया।
भाई ने दी आत्मदाह की धमकी
हल्द्वानी। एडीजी कानून व्यवस्था राम सिंह मीणा बुधवार सुबह लाव लश्कर के साथ लाडली के परिजनों से मिलने शीशमहल कर्नल वार्ड गए। परिजनों से उन्होंने लाडली के शव का अंतिम संस्कार करने का अनुरोध किया, लेकिन परिजन इस जिद पर अड़े रहे कि जब तक कातिल गिरफ्तार नहीं होंगे, शव मोर्चरी में ही रहेगा।
लाडली के चचेरे भाई ने एडीजी के समक्ष यहां तक कह दिया कि यदि जोर जबरदस्ती की गई तो वह आत्मदाह कर लेगा। परिजनों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस अधिकारी मौके से चले गए।