शाह की फटकार, 'इसीलिए उत्तराखंड से नहीं बना मंत्री'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उपचुनाव में हार के कारण मोदी मंत्रिमंडल में किसी भी भाजपा सांसद को जगह न मिलने के संकेत अमर उजाला जैसे पहले दिन से ही दे रहा था, रविवार को हरिद्वार आए राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने इसकी पुष्टि कर दी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद शाह की पहली परीक्षा के तौर पर उत्तराखंड उपचुनाव के नतीजों ने उन्हें इतना आहत किया कि हार पर हुई समीक्षा बैठक में ही कह दिया था कि अभी आप लोग (सांसद) ठीक से सांसदी ही करिए। रविवार को उन्होंने साफ-साफ कहा कि भाजपा नेताओं की आपसी खींचतान की वजह से उनमें से कोई मंत्री नहीं बन पाया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उत्तराखंड पहुंचे अमित शाह प्रदेश संगठन से नाराज दिखे। यहां हुई बैठक में कार्यकर्ताओं ने बड़े नेताओं पर गुटबाजी के आरोप लगाए तो शाह ने साफ कर दिया कि हरियाणा-महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश संगठन में परिवर्तन होगा। प्रदेश के किसी सांसद को मंत्री पद नहीं मिलने की वजह भी उन्होंने प्रदेश के नेताओं की खींचतान को बताया।
रविवार को पतंजलि योगीपीठ में सेवा सदन भवन के उद्घाटन के बाद शाह प्रदेश के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओें से रूबरू हुए। पूर्व दर्जा राज्यमंत्री सुरेश राठौर ने प्रदेश के किसी एक सांसद को केंद्र में मंत्री बनाने की मांग रखी। इसी बीच कुछ कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के बड़े नेताओं में खींचतान की बात कहनी शुरू कर दी। शाह ने दोनों का जवाब एक साथ देते हुए कहा कि इसी के चलते प्रदेश से कोई मंत्री नहीं बन पाया।
बोले, गुटबाजी का होगा इलाज
कार्यकर्ताओं ने विधानसभा उपचुनाव और पंचायत चुनाव में हार का कारण भी गुटबाजी बताया। कई कार्यकर्ताओं ने कहा कि संगठन के बड़े नेता गुटबाजी पर लगाम नहीं लगा पा रहे हैं। इस पर शाह ने कहा कि इसका इलाज होगा। कई कार्यकर्ताओं ने फिर प्रदेश में हार की वजह गुटबाजी बताया तो शाह ने साफ किया कि विधानसभा चुनाव के बाद परिवर्तन होगा। इससे प्रदेश पदाधिकारियों के चेहरे लटक गए।
हरिद्वार भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पद से हटाई गई संजना शर्मा ने खड़े होकर जिलाध्यक्ष कुलदीप गुप्ता पर पद बेचने का आरोप लगाया। इस पर शाह ने नाराजगी जताई और कहा कि व्यक्तिगत आरोप लगाने से मना किया था।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट, त्रिवेंद्र रावत, संजय कुमार, हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मंत्री मदन कौशिक, विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, संजय गुप्ता, चंद्रशेखर भट्टेवाले आदि मौजूद रहे।
हरियाणा चुनाव के प्रत्याशियों पर रामदेव से बातचीत
बाबा रामदेव ने पतंजलि योगपीठ में अमित शाह केसाथ बातचीत में हरियाणा में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कुछ टिकटों पर भी चर्चा की। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव की भांति हरियाणा चुनाव के लिए अपने कुछ चहेतों की सूची शाह को सौंपी है। गौरतलब है कि बाबा रामदेव मूलत: हरियाणा के ही रहने वाले हैं।
कश्मीर के लिए पतंजलि ने दिए एक करोड़
पतंजलि योगपीठ ने कश्मीर में आई आपदा से निपटने के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि प्रधानमंत्री कोष में देने की घोषणा की। अमित शाह के आह्वान पर उन्होंने कहा कि यह केवल शुरुआत है। देश-विदेश में फैले उनके अनेक भक्त इस कोष में दान देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीरियों की सहायता कर दिखा दिया है कि वास्तव में काम कैसे किया जाता है।