अमेरिकी पर्यटक की संदिग्ध हालात में मौत, होटल के रसोई घर में लटकता मिला शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के अल्मोड़ा में विकासखंड भैंसियाछाना के सेराघाट स्थित होटल में कई दिनों से कुछ साथियों के साथ रह रहे अमेरिकी पर्यटक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव रसोईघर की बल्ली पर फंदे से झूलता मिला।
प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या माना जा रहा है। हालांकि, एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर मामले की जांच रेगुलर पुलिस को सौंपी जा रही है। अमेरिकी नागिरक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेज दिया है तथा घटना की जानकारी अमेरिकी दूतावास को दे दी गई है।
अमेरिकी पर्यटक एलेक्जेंडर एडवर्ड (32) ने शनिवार की रात भोजन किया और अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह करीब चार बजे होटल स्वामी राजू नेगी को एलेक्जेंडर का शव रसोई घर की बल्ली पर फंदे से झूलता मिला।
डायरी में आत्महत्या करने की बात लिखी है
होटल स्वामी ने उसके साथियों को जानकारी दी और उनकी मदद से शव को नीचे उतारा। सूचना पर एलआईयू और राजस्व पुलिस की टीम भी पहुंच गई। राजस्व उपनिरीक्षक राजेश आर्या ने बताया कि एलेक्जेंडर 20 जून को नेपाल से कसारदेवी और इसके बाद यहां पहुंचा था।
जानकारी के अनुसार मृतक के सामान के साथ एक डायरी मिली है, जिस पर एलेक्जेंडर ने आत्महत्या की बात लिखी है। होटल कर्मियों अनुसार मृतक मानसिक रूप से बीमार था और कई बार अपने आप को थप्पड़ भी मारता रहता था। कई बार वह पैसा नहीं होने की बात भी कहता था।