Medhavi Samman Award: सीएम धामी ने होनहारों में भरा जोश, कहा- आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे मेधावी
Amar Ujala Medhavi Samman Award: अमर उजाला की ओर से हर साल शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता है।
विस्तार
अमर उजाला की ओर से आज देहरादून में उत्तराखंड मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ननूरखेड़ा स्थित एससीईआरटी के नवनिर्मित ऑडिटोरियम में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं शिक्षा मंत्री डॉ. धनसिंह रावत ने प्रदेश के आठ टॉपर्स समेत प्रत्येक जिले के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के तीन-तीन टॉपर्स को सम्मानित किया। दसवीं के छात्र-छात्राओं को टैबलेट और 12वीं के होनहारों को लैपटाॅप दिया गया।
सीएम धामी ने होनहारों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आप सब हमारे राज्य का भविष्य हैं। आप मेधावियों ने हम सबको गौरवांवित किया है। अभी यह शुरुआत है। यह मत सोचना कि आप सिर्फ परिवार के बेटे हो। सम्मानित होने के बाद आपकी जिम्मेदारी बढ़ जाएगी। यहां समाज की भावना आपसे जुड़ गई है। मोहल्ले शहर प्रदेश की उम्मीदें हैं आपसे। आपकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए उदाहरण बनेगी। आप आने वाली पीढ़ियों के लिए उत्प्रेरक बनेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे हैं। कई तो ऐसे हैं जिन्होंने बहुत विषम परिस्थितियों में यह मुकाम पाया। कहा कि पीयूष ने विषम परिस्थितियों में यह मुकाम पाया है। कंचन गार्ड की बेटी हैं। उनकी सफलता उदाहरण है। अंशुल नेगी हों या आयुष अवस्थी सभी उदाहरण हैं हमारे लिए। ऐसा लग रहा है हम खुद को सम्मानित कर रहे। नई शिक्षा नीति से शिक्षा के क्षेत्र में नया आयाम मिलेगा। रोजगार परक शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा।
Uttarakhand Weather: देहरादून समेत चार जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट, खतरे के निशान से ऊपर बह रही अलकनंदा
सीएम धामी ने कहा कि हमें सपने जरूर देखने चाहिए। आप जीवन में संकल्प लीजिए। लेकिन ध्यान रहे कि संकल्प में कोई विकल्प ना हो। जिस दिन आपके संकल्प में विकल्प आ गया, आपकी मंजिल दूर हो जाएगी। सीएम धामी ने कहा कि हमारी किस क्षेत्र में रूचि है हमें यह पहचानना चाहिए। हमें उस क्षेत्र में पूरे मन से काम करना चाहिए। आप जिस भी क्षेत्र में जाएं उस क्षेत्र के नेता बनें। ऐसी योजना तैयार करें कि आप उस क्षेत्र को लीड करें।
शिक्षा मंत्री डाॅ. धनसिंह रावत ने कार्यक्रम में पहुंचे मेधावियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा हमारे होनहार देश का भविष्य हैं। कठिन हालातों में भी बच्चों ने बेहतर मुकाम पाया है। अमर उजाला की विश्वसनीयता है, लोगों को विश्वास है। अमर उजाला की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि 70% से ज्यादा नंबर लाने वाले छात्र-छात्राओं को कक्षा छह से 12वीं तक 600 से लेकर 1200 तक की धनराशि हर महीने दी जाएगी।