14 को रुद्रपुर में होगी पीएम मोदी की जनसभा, बंद कर दिए जिलेभर के स्कूल
रुद्रपुर में होने वाली रैली की वजह से जिले के सभी स्कूलों में अवकाश का निर्णय लोगों के गले नहीं उतर रहा है। रुद्रपुर में बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल रैली की सफलता के लिए सरकारी अमले के साथ ही भाजपा संगठन और सरकार ने पूरी ताकत झोंकी हुई है। इधर, शिक्षा विभाग ने रैली के चलते जिले के सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने सभी खंड व उप शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि 14 फरवरी को जिले के सभी राजकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई व वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
कहा कि प्रधानमंत्री की महारैली के दिन जिलेभर में यातायात व्यवस्था के प्रभावित होने की स्थिति में किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया है। कहा कि जिन विद्यालयों में परिषदीय प्रयोगात्मक परीक्षा पूर्व में निर्धारित हैं, वहां निर्धारित तिथि पर परीक्षा संपन्न होगी।