खुशखबर: 19 दिसंबर से देहरादून-पंतनगर के बीच कर सकेंगे हवाई सफर, सिर्फ इतना होगा किराया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना उड़ान के अंतर्गत एयर इंडिया की ओर से पंतनगर-देहरादून के बीच 19 दिसंबर से शुरू की जा रही फ्लाइट के किराये में उत्तराखंड सरकार की तरफ से सब्सिडी भी मिलेगी।
यह सब्सिडी तीन साल तक जारी रहेगी। एयर इंडिया देहरादून और पंतनगर के बीच 72 सीटर विमान उड़ेगा। इसका किराया 500 रुपये से 2500 रुपये तक रहेगा। टिकटों की बुकिंग ऑनलाइन होगी और 15 दिसंबर से टिकट बुक कराए जा सकेंगे।
एयरपोर्ट निदेशक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, एअर इंडिया और उत्तराखंड सरकार के बीच फ्लाइट को लेकर एमओयू हो गया है। फ्लाइंग शेड्यूल भी जारी हो गया है।
शेड्यूल के अनुसार फ्लाइट हफ्ते में चार दिन बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को चलेगी। देहरादून के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से रवाना होकर प्लेन दिन में तीन बजे पंतनगर एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। 30 मिनट बाद 3:30 बजे प्लेन पंतनगर से जॉलीग्रांट के लिए उड़ान भरेगा।
उन्होंने बताया कि पंतनगर से दिल्ली के बीच बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को फ्लाइट चलती है। दिल्ली से पंतनगर फ्लाइट एक बजे पहुंचती है। पंतनगर से आधा घंटे बाद फ्लाइट 1:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाती है।
दिल्ली पंतनगर के बीच किराया पांच से आठ हजार रुपये तक है। इधर, एअर इंडिया के पंतनगर स्टेशन प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि दिल्ली से पंतनगर के बीच फ्लाइट सामान्य रूप से चल रही है। देहरादून और पंतनगर के बीच 19 दिसंबर से चलने वाली फ्लाइट का शेड्यूल पंतनगर स्टेशन को नहीं मिला है।