जख्मी सड़कों पर मरहम लगाना शुरू: डीएम और प्रमुख अभियंता ने कसा शिकंजा तो काम में आई तेजी, बदलने लगी तस्वीर
सड़कों की हालत देखकर डीएम और प्रमुख अभियंता ने न सिर्फ नाराजगी जताई थी, बल्कि अफसरों, इंजीनियरों को सख्त हिदायत दी थी कि सड़कों की मरम्मत एक सप्ताह के अंदर शुरू कर दी जाए। इसके बाद सड़कों की मरम्मत का कम शुरू करा दिया गया है।
विस्तार
डीएम और पीडब्ल्यूडी के प्रमुख अभियंता द्वारा दून की क्षतिग्रस्त सड़कों के निरीक्षण करने और इंजीनियरों पर शिकंजा कसने के एक सप्ताह बाद जख्मी सड़कों पर मरहम लगाने का काम शुरू हो गया है। पहले चरण में सहारनपुर चौक से लेकर भंडारी बाग तक सड़कों की मरम्मत की गई, जबकि बाद में अन्य क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत की जाएगी। उधर, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत शुरू होने के साथ ही शहरियों ने भी राहत की सांस ली है।
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के एई डीसी नौटियाल की अगुवाई में सड़कों की मरम्मत शुरू होने के बाद अन्य क्षतिग्रस्त सड़कों के मरम्मत की आस भी जाग गई है। दून की बदहाल सड़कों का मामला अमर उजाला द्वारा प्रमुखता से उठाने के बाद डीएम सोनिका और पीडब्ल्यूडी के प्रमुख अभियंता एजाज अहमद ने सड़कों का निरीक्षण किया था।
सड़कों की हालत देखकर डीएम और प्रमुख अभियंता ने न सिर्फ नाराजगी जताई थी, बल्कि अफसरों, इंजीनियरों को सख्त हिदायत दी थी कि सड़कों की मरम्मत एक सप्ताह के अंदर शुरू कर दी जाए। इसके बाद सड़कों की मरम्मत का कम शुरू करा दिया गया है।
नौटियाल ने बताया कि सहारनपुर चौक से लेकर भंडारी बाग तक सड़कों की मरम्मत कर दी गई है, जबकि बाकी सड़कों की मरम्मत की जा रही है। नौटियाल का यह भी कहना है कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत दर्शनलाल चौक, सर्वे चौक, लैंसडोन चौक, सहारनपुर चौक, महाराजा अग्रसेन चौक समेत के इलाकों में सीवर लाइनों का कार्य आधा अधूरा होने से सड़कों की मरम्मत में दिक्कतें आ रही हैं। इस संबंध में स्मार्ट सिटी पर योजना के अधिकारियों को भी अवगत कराया गया कि वे भी अपने स्तर पर कराने वाले निर्माण कार्यों को तेजी से कराएं, ताकि शहरियों को आवाजाही में आसानी हो।
आढ़त बाजार में रैंप को पीडब्ल्यूडी की टीम ने हटाया
उधर, एई डीसी नौटियाल की अगुवाई में न सिर्फ सड़कों की मरम्मत का काम शुरू किया गया, बल्कि आढ़त बाजार में व्यापारियों द्वारा सड़कों के किनारे रैंप बनाने से हो रही दिक्कतों के चलते उन्हें तुड़वा दिया गया। कुछ कारोबारियों ने रैंप तोड़ने का विरोध भी किया। इंजीनियरों का कहना है कि व्यापारियों को रैंप बनाने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। उधर, पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता सीएम पांडे ने भी बुधवार को अफसरों और इंजीनियरों के साथ राजधानी की टूटी सड़कों का जायजा लेते हुए हिदायत दी कि टूटी सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।
ये भी पढ़ें...Good News: 18 की उम्र पूरी करने वालों को अब एक नहीं चार बार मिलेगा वोट बनवाने का मौका