फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   after love marriage wife brutally murdered husband for extramarital affair

कई साल पहले दोनों ने की लव मैरिज, फिर पति अवैध संबंधों में आडे़ आया तो पत्नी ने दी दर्दनाक मौत

Wed, 22 May 2019 01:21 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भीमताल (नैनीताल)
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भीमताल (नैनीताल) Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal Updated Wed, 22 May 2019 01:21 PM IST
विज्ञापन
after love marriage wife brutally murdered husband for extramarital affair
इसी कार में मिला था अवतार का कंकाल

अवतार सिंह अपनी पत्नी नीलम चौधरी और मनीष मिश्रा के बीच बढ़ रही नजदीकियों से तनाव में था। उसने पत्नी नीलम को कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। इस कारण घर में कलह होता था। कई बार उनके बीच झगड़ा भी हुआ था। अवतार के पिता गुलजार सिंह और भाई जगतार सिंह का आरोप है कि मनीष और नीलम के अवैध संबंधों में अवतार आडे़ आया तो उसकी हत्या कर दी गई। 

विज्ञापन


सोमवार को बहू नीलम चौधरी और उसके दोस्त मनीष मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने वाले गुलजार सिंह ने तहरीर में कहा था कि नीलम और मनीष ने साजिश कर अवतार सिंह की हत्या कर शव सलड़ी में लाकर जला दिया। अवतार सिंह ने उन्हें बताया था कि नीलम चौधरी और मनीष मिश्रा अक्सर मिलते थे। नीलम की मनीष से बढ़ रहीं नजदीकियों की जानकारी पर अवतार सिंह तनाव में आ गया था।
विज्ञापन


अवतार सिंह की हत्या में नामजद पत्नी नीलम चौधरी और नीलम के मित्र मनीष मिश्रा को मंगलवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मनीष के साथियों को भी पुलिस ने उठाया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, अवतार के परिजनों को उसका कंकाल सौंप दिया गया है। पुलिस डीएनए टेस्ट के लिए बुधवार को अवतार के माता-पिता का ब्लड सैंपल लेगी। बता दें कि हत्यारोपित नीलम का मायका बागेश्वर जिले के बनलेख कारोली गांव में है। जबकि अवतार सिंह मूल रूप से हरियाणा के अंबाला कैंट थाना क्षेत्र के ग्राम घसीटपुर का रहने वाला था।

विज्ञापन
विज्ञापन

एक कार में लाश को फूंक दिया

बृहस्पतिवार को भीमताल-हल्द्वानी मार्ग स्थित सलड़ी में एक कार में लाश को फूंक दिया गया था। 80 फीसदी जल जाने के कारण पता नहीं चल सका था कि लाश महिला की थी या पुरुष की। शनिवार को पोस्टमार्टम में साफ हुआ कि शव पुरुष का है। हत्या कर शव को कार में रखने के बाद जला दिया गया था।

रुद्रपुर की सामिया लेक कॉलोनी निवासी नीलम चौधरी ने शक जाहिर किया था कि यह कार उसके पति अवतार सिंह की हो सकती है। इस बीच, सोमवार शाम अवतार के पिता और भाई ने अवतार की पत्नी नीलम चौधरी और उसके मित्र मनीष मिश्रा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।


कब क्या हुआ
16 मई : अवतार सिंह अपनी पत्नी नीलम चौधरी के साथ रुद्रपुर से हल्द्वानी के लिए चला।
16 मई : रात आठ बजे भीमताल मार्ग पर सलड़ी में कार आग का गोला बनी मिली। इसमें एक शव बरामद हुआ।
17 मई : अंबाला से अवतार के परिजन हल्द्वानी पहुंचे।
17 मई : फॉरेंसिक टीम और फायर ब्रिगेड ने साक्ष्य जुटाए।
17 मई : जांच टीमों ने माना कार में आग लगाई गई है।
18 मई : शव का पोस्टमार्टम कराया गया, इसमें कंकाल पुरुष का होने का खुलासा।
19 मई : पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले, अहम सुराग मिले।
19 मई : कई जगह सीसीटीवी में अवतार सिंह की कार दिखी। 
20 मई : अवतार सिंह के पिता और भाई ने नीलम और उसके साथी पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
21 मई : पुलिस ने अवतार सिंह की पत्नी नीलम, साथी मनीष को हिरासत में लिया।
21 मई : पुलिस ने कार में मिला शव अवतार सिंह के परिजनों को सौंपा।
21 मई : पुलिस ने डीएनए टेस्ट के लिए अदालत से अनुमति ली।
 
अवतार सिंह की पत्नी नीलम चौधरी और मनीष मिश्रा से पूछताछ की जा रही है। परिजनों से भी पूछताछ की गई है। हत्याकांड को लेकर पुलिस अन्य लोगों से जानकारियां जुटा रही है। पुलिस हत्याकांड से जुडे़ सबूत एकत्र कर खुलासा करेगी।
- सुनील कुमार मीणा, एसएसपी नैनीताल
 

पत्नी ने ही रिश्तेदारों को दी थी अवतार के गायब होने की सूचना

बृहस्पतिवार को अवतार सिंह के गायब होने के बाद पत्नी नीलम चौधरी ने रात में ही रिश्तेदारों को फोन कर सूचना दी थी। शुक्रवार की सुबह वह अपने कुछ पड़ोसियों को लेकर पुलिस के पास पहुंची, ताकि उस पर शक न हो। उसने पुलिस को बताया कि वह अपना इलाज कराने कार से पति के साथ हल्द्वानी आई। बताया कि यहां उसे छोड़कर पति कहीं चले गए। उसने नैनीताल बैंक के सामने एक क्लीनिक से दवाई ली। हल्द्वानी से घर लौटते समय 7: 22 बजे उसने पति का फोन भी मिलाया था।  

पुलिस को पत्नी पर था शक 
अवतार सिंह के परिवार वालों को पत्नी नीलम पर हत्या का शक था। पुलिस की निगाह भी उसकी गतिविधियों पर थीं। परिवार वालों के मुकदमा दर्ज कराने के बाद पुलिस ने उसे शक के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।  

सीसीटीवी से मिली पुलिस को मदद
अवतार सिंह की हत्या के बाद शुक्रवार को पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इसमें कई अहम सुराग मिले थे। पुलिस के अनुसार अवतार सिंह की कार करीब 2:45 बजे रुद्रपुर से निकली थी। इसके बाद जीतपुर नेगी में कार की लोकेशन रामपुर रोड पर मिली। कार मुखानी रोड पर भी दिखी। वहां पार्किंग में काफी देर तक कार खड़ी रही, जबकि अवतार सिंह कार से उतरते नहीं दिखा। यहां अवतार सिंह की पत्नी दिखी। उसके आसपास एक-दो अन्य व्यक्ति भी देखे गए। यहां से कार नैनीताल रोड पर चली गई। काठगोदाम समेत कई स्थानों पर कार जाती हुई दिखी। इसी से पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं।

फिल्मी कहानी की तरह बनाया हत्या की योजना
अवतार सिंह की हत्या की योजना फिल्म की कहानी की तरह बनी। इसके लिए हत्यारों ने पहले से ही शातिराना ढंग से तैयारी की। लाश को हल्द्वानी से ले जाकर ठिकाने लगाने के लिए भी कई बार रेकी की गई। पहले सुनसान स्थान ढूंढा गया। पूरी योजना के साथ ही अवतार की हत्या की गई। 

अवतार और नीलम ने किया था प्रेम विवाह

अवतार सिंह के भाई की गुरुग्राम में केमिकल फैक्ट्री थी। यहां अवतार भी कारोबार में हाथ बंटाता था। नीलम 2003 में गुरुग्राम में नौकरी करने गई थी। अवतार से नीलम की वहीं मुलाकात हुई थी। अवतार सिंह ने नीलम चौधरी से 2006 में प्रेम विवाह किया था। उसी साल उनकी बेटी भी हुई। एक बेटा भी है। अवतार और नीलम के प्रेम विवाह पर पहले परिवार वाले राजी नहीं थे, लेकिन बाद में वे मान गए।     

कोर्ट से ली गई डीएनए की अनुमति 
कार में मिले अवतार सिंह के शव की शिनाख्त के लिए डीएनए टेस्ट कराने को पुलिस ने एसीजेएम कोर्ट में अर्जी दी और अवतार की मां नक्षत्रो देवी को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने पुलिस को डीएनए टेस्ट कराने की अनुमति दे दी। बुधवार को पुलिस माता-पिता का ब्लड सैंपल लेगी।  

पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द किया
अवतार सिंह की हत्या के बाद बचा हुआ कंकाल करीब पांच दिन तक सुशीला तिवारी अस्पताल की मोर्चरी में पड़ा रहा। मंगलवार शाम 5.30 बजे भीमताल पुलिस ने मोर्चरी में रखे अवतार के कंकाल को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अवतार सिंह के पिता गुलजार सिंह, बडे़ भाई जगतार सिंह और अन्य रिश्तेदार शव रुद्रपुर ले गए हैं। 

नीलम और मनीष के साथ एक और युवक हत्या में शामिल
पांच दिन पहले नाटकीय तरीके से अवतार की हत्या को अंजाम देने वाली नीलम और मनीष के साथ एक और युवक पूरी वारदात में शामिल है। अब तक की जांच पड़ताल में पुलिस के हाथ सीसीटीवी फुटेज से एक और अहम सुराग लगा है, जिसमें एक बाइक सवार युवक लगातार अवतार की कार के आसपास चल रहा है। फिलहाल, पुलिस बाइक सवार को मनीष के दोस्त के रूप में चिन्हित कर उसकी धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है। माना जा रहा है कि बुधवार तक तीसरे युवक को गिरफ्तार कर पुलिस मामले का खुलासा कर सकती है।

अवतार की हत्या के कारणों में बना संशय

अवतार की हत्या के पीछे का कारण क्या है, इस बारे में अभी कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। अवतार की हत्या में पुलिस जहां अवैध संबंधों का अंदेशा जता रही है, वहीं कुछ समय पूर्व अवतार ने 50 लाख रुपये की पॉलिसी रिन्यू कराई थी, जिसमें अवतार की मौत के बाद करीब एक करोड़ की रकम नीलम को मिलनी थी। इससे यह भी आंशका जताई जा रही है कि नीलम ने इस रकम के लालच में अवतार की हत्या कर दी हो या करवा दी हो। यह भी अंदेशा है कि मनीष को भी इस रकम का लालच दिया गया हो। 

बच्चों का ठिकाना परिजनों के लिए चुनौती
माता-पिता को खोने वाले नेहा और रोहन को संभालना अब उनके रिश्तेदारों के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। पिता की मौत और हत्या के आरोप में नीलम के जेल चले जाने के बाद बच्चों के पास दादा-दादी या चाचा का ही सहारा है। 

रुद्रपुर से निकलने के दौरान कत्ल का अंदेशा
छह दिन पूर्व नीलम के साथ कार में सवार होकर हल्द्वानी के लिए निकले अवतार सिंह का कत्ल रुद्रपुर से निकलते समय रास्ते में ही किए जाने का अंदेशा है। इसकी जांच के लिए पुलिस ने दिनेशपुर मोड़ और अशोका लीलेंड कंपनी में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला, लेकिन घटना वाले दिन शहर में बिजली न होने से सीसीटीवी बंद थे। इसलिए किसी तरह का सुराग नहीं मिल सका। हालांकि, घटना वाले दिन टांडा जंगल से गुजर रहे किसी व्यक्ति का कहना है कि टांडा जंगल के पास दो लोग कार में आगे बैठे थे, जबकि एक पीछे की सीट पर लेटा था।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed