AFG vs IRE: अफगानिस्तान ने फिर किया आयरलैंड को पस्त, सीरीज में 2-1 से बनाई बढ़त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दून में चल रहे इस्लामिक बैंक ऑफ अफगानिस्तान कप के लिए शुक्रवार को चौथा एक दिवसीय मुकाबला अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच खेला गया। इसमें अफगानिस्तान ने आयरलैंड को 109 से हराकर सीरीज में 2-1 से बढ़त बनाई। मैन ऑफ द मैच रहे अफगान के राशिद खान ने 52 रन और दो विकेट चटकाए। जबकि कप्तान असगर ने 54 रन और मो. नबी ने 64 रन की पारी खेली।
शुक्रवार को रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयरलैंड और अफगानिस्तान के बीच चौथा एक दिवसीय मुकाबला खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने सभी विकेट खोकर 49.1 ओवर में 223 रन बनाए। जवाब में आयरलैंड की टीम मात्र 114 रन पर सिमट गई और मुकाबला 109 रन से हार गई। आयरलैंड के बल्लेबाज केविन ओब्रायन ने 26, विलियम पॉटर फील्ड ने 21 और सिमी सिंह ने 20 रन बनाए। अफगानिस्तान के आफताब आलम, मुजीबुर्रहमान और राशिद ने दो-दो, गुलबदीन नैब और मो. नबी ने एक-एक विकेट चटकाए।
आफताब ने चटकाए चार विकेट
अफगानिस्तान के गेंदबाज आफताब आलम ने 25 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट झटके। उन्होंने कप्तान विलियम पोर्टरफील्ड को 21, केविन ओब्रायन को 26, स्टुअर्ट पॉइंटर को चार और रैंकिंन को शून्य पर आउट कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। आफताब ने आठ ओवर में दो मेडेन ओवर भी डाले।
राशिद और नबी के बीच 86 रन की साझेदारी
सात विकेट गिरने के बाद टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी राशिद खान और मो. नबी ने निभाई। दोनों ऑल राउंडर खिलाड़ियों ने मिलकर आठवें विकेट के लिए 85 गेंद में 86 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। इस बीच दोनों खिलाड़ियों ने अपना-अपना अर्द्धशतक पूरा किया। मो. नबी ने 85 गेंद का सामना करते हुए 64 और राशिद खान 58 गेंद में 52 रन बनाए।
अफगान के ओपनर फ्लॉप
अफगानिस्तान के सबसे बेहतरीन ओपनर मो. शहजाद चौथे मैच में नहीं खेल रहे थे। उनकी जगह नूर अली ने हजरतुल्लाह जजई के साथ सलामी बल्लेबाजी की कमान संभाली। हालांकि चौथे मैच में दोनों ओपनर बल्लेबाज 23 रन के स्कोर पर चलते बने। हजरतुल्लाह जजई ने 14 और नूर अली 9 रन बनाए। उसके बाद रहमत शाह 15, इकराम अली व गुलबदीन नैब एक-एक रन बनाकर चलते बने।
डॉकरेक और कैमरन का कमाल
आयरलैंड के गेंदबाज जेम्स कैमरन और डॉकरेक ने मिलकर अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को खुलकर नहीं खेलने दिया। दोनों ने मिलकर अफगानिस्तान के सबसे महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। जेम्स कैमरन ने मो. नबी (64), नजीब जदरान (10) और गुलबदीन नैब (01) को आउट किया। वहीं, जी डॉकरेल ने ऑल राउंडर राशिद खान (52) को सिमी सिंह के हाथों कैच कराकर पवेलियन का रास्ता दिखाया। इससे पहले जी डॉकरेक ने अपने शानदार थ्रो से कप्तान असगर अफगान को आउट किया। असगर 54 रन बना पाए।
मुजीब ने एक ओवर में लिए दो विकेट
अफगानिस्तान के विकेट टेकिंग गेंदबाज मुजीबुर्रहमान ने एक ही ओवर में दो विकेट चटकाकर आयरलैंड की टीम को बैकफुट पर ला खड़ा किया। मुजीब ने कुल सातवें और अपने चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर पिछले मैच के हीरो एंड्रू बलबीरनी को शून्य और छठी गेंद पर पॉल स्ट्रिलिंग को 11 रन पर आउट किया। दोनों के आउट होते ही टीम पूरी तरह लड़खड़ा गई। उसके बाद कोई खिलाड़ी ज्यादा नहीं चल पाया।
आज का मैच जीतना दोनों ही टीम के लिए महत्वपूर्ण था। ऊपर के बल्लेबाजों ने निराश जरूर किया। लेकिन, अंत में जीत हमारी हुई और सीरीज में हमने बढ़त बनाई।
-असगर अफगान, कप्तान अफगानिस्तान
मैं हर मैच में बल्लेबाजी में अच्छा करना चाहता हूं। इस मैच में मुझे मौका मिला और मैंने कर दिखाया। उम्मीद करता हूं आगामी मैचों में भी बल्लेबाजी में मुझे मौका मिले। अपने प्रदर्शन से खुश हूं।
-राशिद खान, मैन ऑफ द मैच
मैच में मेरा प्रदर्शन खराब रहा। अन्य बल्लेबाज भी टिककर नहीं खेल पाए। जिसकी वजह से हम सस्ते में सिमट गए। हमारी टीम अंतिम मैच में वापसी जरूर करेगी।
-विलियम पॉटरफील्ड, कप्तान आयरलैंड