मसूरी। शहर में पर्यटकों के साथ मारपीट और अभद्रता के मामले में स्थानीय युवाओं में गहरा आक्रोश है। शहर के युवा संगठनों ने बुधवार को भगत सिंह चौक पर प्रदर्शन कर पर्यटकों के साथ गलत व्यवहार करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर युवाओं ने चाय सुट्टा बार को बंद करने को लेकर नारेबाजी भी की।
बता दें, मंगलवार रात कुलड़ी के चाय सुट्टा बार में मामूली विवाद पर पर्यटक को चाकू मार दिया गया था। इसके अलावा लंढौर के एक होटल में पर्यटकों के साथ मारपीट की गई। इस घटना के विरोध में स्थानीय युवाओं ने बुधवार को भगत सिंह चौक पर प्रदर्शन कर दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। युवाओं का नेतृत्व कर रहे मोहन कैंत्यूरा ने कहा कि कुछ लोग पर्यटकों के साथ अभद्रता कर मसूरी को बदनाम कर रहे हैं। ऐसे संस्थानों को शहर में नहीं खुलने देंगे। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर आरोपियों को कड़ी सजा दी जाए। प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। शहर कोतवाल गिरीश चंद्र शर्मा ने बताया कि शहर में बाहर से आने वाले आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन देने वाले में अनिल राणा, सचिन, इरशाद नीतिन दत्त, रणजीत चौहान, नीरज सेमवाल, मुकेश रावत, हिमांशू नेगी, शरद पुंडीर, रवि भंडारी, अनिल राणा आदि मौजूद रहे।