छात्रा से यौन दुर्व्यवहार में निदेशक पर गिरी गाज, कार्रवाई के निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वुमन इंस्टीट्यूट एंड टेक्नोलॉजी (डब्ल्यूआईटी) में छात्रा से यौन दुर्व्यवहार एवं भ्रष्टाचार के मामले में संस्थान के निदेशक संदीप गोयल की पद से छुट्टी तय है। उनके खिलाफ जांच रिपोर्ट आने के बाद तकनीकी शिक्षा मंत्री यशपाल आर्य ने सचिव तकनीकी शिक्षा आरके सुधांशु को गोयल को पद से हटाकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पंतनगर विवि में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत संदीप गोयल को शासन ने प्रतिनियुक्ति पर उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) के संघटक संस्थान डब्ल्यूआईटी के निदेशक के पद पर भेजा था।
पूर्व मंत्री की रिश्तेदार है छात्रा
गोयल के खिलाफ संस्थान की एक छात्रा ने वर्ष 2014 में यौन दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। आरोप लगाने वाली छात्रा कांग्रेस सरकार के पूर्व मंत्री और वर्तमान में विधायक की रिश्तेदार बताई जाती है।
जांच के दौरान दो अन्य छात्राओं ने लगाए आरोप
आरोप की जांच के दौरान इंस्टीट्यूट की दो अन्य छात्राओं ने भी गोयल पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। आरोप है कि पैसा लेकर नियुक्ति का आश्वासन दिया गया। निदेशक से संबंधित भ्रष्टाचार की क्लिपिंग सामने आने पर शासन ने तकनीकी विवि के कुलपति डॉ. प्रदीप कुमार गर्ग को जांच के आदेश दिए थे।
इसके बाद कुलपति ने दोनों मामलों की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की, इसमें कोई महिला अधिकारी शामिल नहीं थी।
गौर करने वाली बात यह है कि कुलपति ने इस मामले की जांच संस्थान में पहले से ही गठित कमेटी से करवाना उचित नहीं समझा, जबकि इस कमेटी का गठन ही ऐसे मामलों की जांच के लिए किया गया था। इस कमेटी में महिला अधिकारी भी शामिल है। जांच में भ्रष्टाचार की बात सामने आई है।
मंत्री ने दिए निदेशक को हटाने के आदेश
इस पर कार्रवाई के लिए फाइल तकनीकी शिक्षा मंत्री तक पहुंच चुकी है। मंत्री ने फाइल पर निदेशक को हटाने की संस्तुति कर दी है।
इनका है कहना
सचिव तकनीकी शिक्षा को निर्देशित किया गया है कि निदेशक को हटाकर मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। यदि उन्हें पद से नहीं हटाया गया तो जांच प्रभावित होगी।
-यशपाल आर्य, मंत्री तकनीकी शिक्षा
प्रारंभिक जांच रिपोर्ट आ चुकी है। मामला गंभीर है। आरोपी निदेशक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-आरके सुधांशु, सचिव तकनीकी शिक्षा
हमने जांच कर रिपोर्ट शासन को भेज दी है। जांच में क्या है, मैं नहीं बता सकता। मैं मीटिंग में हूं।
-डॉ. प्रदीप कुमार गर्ग, कुलपति, यूटीयू