खनन मार्ग पर मजदूरी कर रहा 12वीं का छात्र गंगा में डूबा
- छुट्टी के दिन गया था मजदूरी करने।
- छात्र का नहीं लग सका पता।
- अवैध रूप से गंगा पर बन रहा था रास्ता।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रुड़की के रामपुर रायघटी गांव के सामने खनन पट्टे के लिए गंगा में रास्ता बनवाने के लिए मजदूरी कर रहा 12 वीं कक्षा का छात्र पैर फिसलने से अचानक गंगा में गिर गया। जानकारी मिलने पर परिजन, ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी तलाश करने पर भी छात्र का कोई पता नहीं लग सका। अवैध रूप से गंगा पर बनाए जा रहे इस रास्ते की प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी।
रामपुर रायघटी गांव के सामने हाल ही में प्रशासन ने गंगा के पार खनन पट्टे की अनुमति दी है। पट्टे पर खनन वाहनों को ले जाने के लिए पट्टा स्वामी गंगा की धारा में ह्यूम पाइप डालकर रास्ता बना रहा है। जबकि प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार गंगा में ह्यूम पाइप डालकर मार्ग बनाए जाने की कोई अनुमति नहीं दी गई है।
बुधवार को फतवा गांव निवासी 12वीं का छात्र वीरेंद्र सिंह पुत्र तजेंद्र सिंह (19) पेपर नहीं होने के कारण गंगा में बनाए जा रहे रास्ते पर मजदूरी करने को गया था। दोपहर दो बजे के लगभग वह गंगा की धारा में बनाए जा रहे रास्ते पर काम कर रहा था। तभी अचानक पैर फिसलने से नीचे गिर गया और गंगा में डूब गया।
छात्र की तलाश में जुटी पुलिस
पास में काम कर रहे ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों और भिक्कमपुर पुलिस चौकी को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी कुलवंत सिंह परिजनों व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने भी पुलिस के साथ नाव में सवार होकर वीरेंद्र सिंह की तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। इस दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने हंगामा भी किया। चौकी प्रभारी के अनुसार छात्र की तलाश की जा रही है। साथ ही मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों और जल पुलिस को दे दी गई है।