उत्तराखंड: शादी की दावत का खाना खाकर 120 से ज्यादा ग्रामीणों की तबियत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर में जसपुर के गांव भगवंतपुर में शादी से पूर्व दी जाने वाली दावत (मंढे की दावत) में खाना खाकर 120 से अधिक ग्रामीणों की तबियत बिगड़ गई। आनन फानन में उन्हें काशीपुर के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस केस के डर से आयोजक किसी भी तरह की जानकारी देने से बचते रहे।
जानकारी के अनुसार ग्राम भगवंतपुर में एक व्यक्ति के बेटे की रविवार को शादी थी। शनिवार रात को उसने पूरे गांव को मंढे की दावत दी थी। दावत में उड़द की दाल और चावल बना था। बताया जा रहा है कि खाना खाने के बाद कई ग्रामीणों को उल्टी-दस्त शुरू हो गए।
एक के बाद एक करीब 120 से अधिक ग्रामीणों की तबियत बिगड़ती देख आयोजक परिवार के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में आयोजक परिवार के लोग गंभीर रूप से बीमार ग्रामीणों को काशीपुर के प्राइवेट नर्सिंग होम में ले गए। वहीं अधिकतर ग्रामीण गांव में डॉक्टर से इलाज कराते रहे।
गांव के एक डॉक्टर ने आशंका जताई कि ग्रामीणों की तबियत फूड प्वॉइजनिंग के कारण बिगड़ी होगी। अनाज में कीड़ा न लगे इसलिए ग्रामीण उसमें कीटनाशक डाल देते हैं। आशंका जताई जा रही है कि उड़द और चावल में कीटनाशक रहा हो और खाना बनाने से पहले इन्हें सही से नहीं धोया गया हो।
बताया जा रहा है कि बीमार पड़े लोगों में सिर्फ पुरुष ही शामिल हैं। इससे पहले की महिलाएं इस खाने को खातीं पुरुषों की तबीयत बिगड़ने लगीं, जिसके चलते उन्होंने फिर खाना खाया ही नहीं। इस बाबत पुलिस को कोई जानकारी नहीं है।