जौनपुर दुस्साहसिक हत्याकांड का मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जौनपुुर जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र के भरौली गांव में युवक की दुस्साहसिक ढंग से हत्या के मामले में पुलिस दूसरे दिन भी मुख्य आरोपी तारिक का सुराग नहीं लगा सकी। उसके परिवार और करीब के कई अन्य लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
तारिक के दादा अखलाक को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया था। मृतक के चाचा ने थाने में उसे वीआईपी सुविधा देने का आरोप लगाया है। उधर, गोली लगने से वाराणसी में भर्ती इश्तियाक की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक ओसामा को रविवार की सुबह स्थानीय कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया गया।
चाचा ने लगाया पुलिस पर आरोप
मुंबई में रहे मृतक के चाचा लुकमान खान परिवार के साथ हवाई जहाज से लखनऊ पहुंचे, वहां से कार से शाहगंज पहुंचे। परिवार के लोग साढ़े तीन बजे भोर में कोतवाली पहुंचे। वहां गिरफ्तार किए गए नामजद आरोपी मौलाना अखलाक को पुलिस कार्यालय के बाहर गद्दा व कूलर पंखे के नीचे सोता देख भड़क उठे। चाचा का आरोप है कि पुलिस तहरीर देने के नाम पर मृतक ओसामा के भाई फरहान को थाने पर लाई, जिसे चार घंटे तक बैठाए रखा।
दरअसल, पुरानी रंजिश और वर्चस्व कायम करने को लेकर विवाद में शनिवार को मनबढ़ ने ओसामा और पिता इश्तियाक को गोली मार दी थी। ओसामा की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि इश्तियाक को वाराणसी रेफर कर दिया गया था। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के भाई फरहान की तहरीर पर पांच लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया।
घटना के मुख्य आरोपी तारिक के दादा को पुलिस ने गिरफ्तार किया। अन्य चार आरोपियों की तलाश में पुलिस, क्राइम ब्रांच की टीमें लगी हुई है। कोतवाली पुलिस की टीम पूरी रात संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देती रही। इस दौरान पुलिस कई महिला, पुरुष रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है। फिलहाल आरोपियों को पकड़ने में पुलिस दूसरे दिन भी नाकाम साबित हुई।
उधर, घटना के बाद से गांव में पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ है। कोतवाली पुलिस व क्यूआरटी के जवान आरोपी के घर पर मुस्तैद रहे। गांव की किराना, जनरल स्टोर व चाय पान की दुकानें बंद रहीं। मृतक के घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने और घायल पिता का हाल जानने के लिए लोगों का आना जाना जारी रहा।
विधायक ने कहा, सरकार की नाकामी
घटना के दूसरे दिन सुबह क्षेत्रीय विधायक शैलेंद्र यादव ललई भरौली गांव पहुंचे। परिवार से घटना की जानकारी लेते हुए शोक संवेदना व्यक्त की। विधायक ने कहा सरकार को अपराधियों का खुला संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से बात करते हुए कहा कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। गिरफ्तारी में नाकाम पुलिस पूछताछ के नाम पर लोगों को परेशान न करे।
भूखे रहकर ड्यूटी को मजबूर क्यूआरटी के जवान
भरौली गांव में पुलिस लाइन से तैनात की गई क्यूआरटी के 14 जवानों की टीम ने स्थानीय प्रशासन पर भोजन पानी आदि की व्यवस्था न किए जाने पर नाराजगी जताई। आक्रोशित जवानों का कहना है कि रात से ड्यूटी की जा रही है। लेकिन न तो रात में खाना मिला, न नाश्ता, न ही दोपहर में खाना। जवानों ने कहा कि स्थानीय कोतवाली के इंचार्ज द्वारा एक बोतल पानी तक की व्यवस्था नहीं की गई है। जवानों ने कहा कि भोजन आदि की व्यवस्था नहीं कर सकते तो पुलिस लाइन में भेज दें।