WTC FINAL: संन्यास की अटकलों पर रॉस टेलर ने तोड़ी चुप्पी, कहा- मेरे अंदर अभी काफी क्रिकेट बचा है
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब टेलर से पूछा कि क्या वो अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे तो उन्होंने कहा कि मैं क्रिकेट से काफी प्यार करता हूं। काफी कुछ सीखना चाहता हूं और बेहतर होना चाहता हूं। अभी भी मेरे अंदर काफी क्रिकेट बचा हुआ है।
विस्तार
न्यूजीलैंड के अनुभवी बल्लेबाज रॉस टेलर ने संन्यास की अटकलों पर विराम लगा दिया है। इस कीवी बल्लेबाज का कहना है कि उनके अंदर अभी काफी क्रिकेट बचा हुआ है। ईएसपीएन क्रिकइन्फो की खबर के मुताबिक, एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब टेलर से पूछा कि क्या वो अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे तो उन्होंने कहा, 'मैं क्रिकेट से काफी प्यार करता हूं। अभी भी काफी कुछ सीखना चाहता हूं और बेहतर होना चाहता हूं। मैं इस वक्त बस क्रिकेट खेलने की इच्छा रखता हूं। चाहे वो किसी भी स्तर पर हो। जब तक संभव हो मैं क्रिकेट खेलता रहूंगा।'
डब्ल्यूटीसी की जीत ने 2019 की निराशा को दूर कर दिया
उन्होंने कहा, 'मेरे करियर के शुरू में कुछ उतार चढ़ाव थे। हमारी टीम में तब थोड़ा निरंतरता का अभाव था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों टीम ने निरंतर अच्छा प्रदर्शन किया है। विश्व कप 2019 की निराशा के बाद यह (डब्ल्यूटीसी खिताब) निश्चित तौर पर बड़ी उपलब्धि है और संभवत: उसने उसकी भरपाई भी कर दी है।'
केन हमारे देश का शानदार कप्तान
उन्होंने आगे कहा, 'एक बार विजयी रन बनने के बाद उसके (विलियमसन) साथ वापस लौटना और उसके बाद की चर्चाएं, यह ऐसी हैं जिन्हें मैं कभी नहीं भूलूंगा। जब मैं बल्लेबाजी के लिए उतरा तब भी स्थिति मुश्किल थी। हमने उस मुश्किल समय में बल्लेबाजी की। केन हमारे देश का शानदार कप्तान और खेल का दूत है। वह तब वहां पर था और उस आखिरी गेंद से पहले उसने मुझे घूरा कि जल्दी करो और इसे खत्म करो ताकि उसे ऐसा न करना पड़े। इसलिए चौका जड़ना और जीत का जश्न मनाना शानदार था।'
मैं इस वक्त 37 साल का हूं...
उन्होंने आगे कहा, 'आमतौर पर न्यूजीलैंड के खिलाड़ी 34-35 साल की उम्र में संन्यास ले लेते हैं। मैं इस वक्त 37 साल का हूं। अब मुझे समझ आ गया है कि वो ऐसा क्यों करते हैं? रिटायरमेंट के बाद भी कुछ वर्षों तक वही काम करते हैं जो आप पहले कर रहे होते हो। मुझे लगता है कि घरेलू क्रिकेट खेल सकता हूं। अब भी मुझे अपने देश और न्यूजीलैंड के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के लिए खेलना पसंद है।' मालूम हो कि टेलर ने आईसीसी को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि 2019 का फाइनल वैसा नहीं हुआ, जैसा कि होना चाहिए था और वह उस टूर्नामेंट (या उस समर के बाद) के बाद क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे।