{"_id":"63fcab0a5638ae06e10d57f7","slug":"wpl-2023-beth-mooney-named-captain-of-women-s-premier-league-side-gujarat-giants-sneh-rana-named-her-deputy-2023-02-27","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"WPL 2023: ऑस्ट्रेलिया की इस चैंपियन खिलाड़ी को गुजरात जाएंट्स ने बनाया कप्तान, टी20 विश्व कप में रचा था इतिहास","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
WPL 2023: ऑस्ट्रेलिया की इस चैंपियन खिलाड़ी को गुजरात जाएंट्स ने बनाया कप्तान, टी20 विश्व कप में रचा था इतिहास
Mon, 27 Feb 2023 06:37 PM IST
स्वप्निल शशांक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Mon, 27 Feb 2023 06:37 PM IST
सार
बेथ मूनी को गुजरात जाएंट्स ने अपना कप्तान बनाया है। बेथ मूनी महिला टी20 वर्ल्ड कप में तीसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रही थीं।
विज्ञापन
बेथ मूनी और स्नेह राणा
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
महिला टी20 विश्व कप खत्म हो चुका है। 17 दिन तक चले इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलियाई टीम चैंपियन बनी। उसने फाइनल में मेजबान दक्षिण अफ्रीका को 19 रन से हराकर खिताब जीता। अब चार मार्च से विमेंस प्रीमियर लीग की शुरुआत होगी, जिसके लिए सभी खिलाड़ी भारत पहुंच चुके हैं। विमेंस प्रीमियर 26 मार्च तक खेला जाएगा और पांच टीमें मुंबई के दो स्टेडियम-डीवाई पाटिल और ब्रेबोर्न में भिड़ेंगी।
विज्ञापन
इस लीग के लिए धीरे-धीरे सभी फ्रेंचाइजी अपने कप्तान की घोषणा कर रही है। हाल ही में यूपी वॉरियर्स ने ऑस्ट्रेलिया की ओपनर एलिसा हीली को टीम का कप्तान नियुक्त किया था। अब उनकी साथी ओपनर बेथ मूनी को गुजरात जाएंट्स ने अपना कप्तान बनाया है। बेथ मूनी महिला टी20 वर्ल्ड कप में तीसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रही थीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
महिला टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा रन मूनी ने ही बनाए थे। उन्होंने इस टूर्नामेंट में छह मैचों में 51.50 की औसत और 117.71 के स्ट्राइक रेट से 206 रन बनाए थे। इनमें तीन अर्धशतक शामिल है। उनका सर्वोच्च स्कोर 74 रन का रहा था। पूरे टूर्नामेंट में मूनी ने 26 चौके और दो छक्के लगाए। मूनी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में नाबाद 74 रन की पारी खेली थी। इस पारी के साथ ही उन्होंने इतिहास भी रच दिया था।
मूनी दो टी20 विश्व कप फाइनल में अर्धशतक लगाने वाली दुनिया की पहली महिला खिलाड़ी बनीं। इससे पहले 2020 टी20 विश्व कप के फाइनल में मूनी ने भारत के खिलाफ नाबाद 78 रन बनाए थे। भारत की ही ऑलराउंडर स्नेह राणा को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।
स्नेह राणा
स्नेह राणा
मूनी ने एक बयान में कहा- मैं 2023 में ऐतिहासिक विमेंस प्रीमियर लीग के उद्घाटन संस्करण में गुजरात जाएंट्स का नेतृत्व करने का अवसर पाकर खुश हूं। टीम जल्द ही मैदान में उतरने के लिए उत्सुक है और WPL के डेब्यू सीजन में क्रिकेट का एक मनोरंजक और प्रभावी ब्रांड पेश करना चाहती है। मेरे डिप्टी के रूप में स्नेह के होने से मैं खुश हूं और मिताली राज, रेचेल हेन्स और नूशिन के रूप में स्टाफ होना शानदार होगा।
मूनी 2018 और 2020 में भी ऑस्ट्रेलिया की टी20 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। वह तीन साल पहले यानी 2020 महिला टी20 विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनी थीं। वहीं, 2023 के संस्करण में वह फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बनीं। टीम के साथ वह पिछले साल वनडे विश्व कप और कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल भी जीत चुकी है। उन्होंने तीन बार महिला बिग बैश लीग भी जीती है और टी20 अंतरराष्ट्रीय में दो शतक लगाने वाली ऑस्ट्रेलिया की एकमात्र बल्लेबाज हैं।
किसी विदेशी टी20 लीग में किसी टीम का नेतृत्व करने का मूनी का यह पहला अनुभव होगा। पिछले साल महिलाओं के 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट में वह लंदन स्पिरिट टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रही थीं। वहीं स्नेह राणा ने भारत के लिए 25 टी20, 22 वनडे और एक टेस्ट खेला है। गुजरात जाएंट्स ने मूनी को दो करोड़ रुपये और स्नेह को 75 लाख रुपये में खरीदा था। विमेंस प्रीमियर लीग का ओपनिंग मैच गुजरात जाएंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच शनिवार को डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा।