किंग्स इलेवन पंजाब के निदेशक वीरेंद्र सहवाग ने संकेत दिए हैं कि आईपीएल-2018 के लिए उनकी टीम सिर्फ एक खिलाड़ी को रिटेन करेगी। किंग्स इलेवन पंजाब की फ्रैंचाइजी राइट टू मैच कार्ड पर दांव लगाने के मूड में नजर आ रही है।
याद हो कि सभी फ्रैंचाइजी को रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट 4 जनवरी को जमा करना है। सहवाग ने कहा कि हम सिर्फ एक खिलाड़ी को रिटेन करना चाहते हैं जबकि शेष खिलाड़ियों को राइट टू मैच कार्ड के लिए सुरक्षित रखेंगे। यह देखना दिलचस्प होगा कि पंजाब की टीम किस खिलाड़ी को रिटेन करती है क्योंकि उसके पास ग्लेन मैक्सवेल, डेविड मिलर, हाशिम अमला, संदीप शर्मा और मोहित शर्मा जैसे धाकड़ खिलाड़ी रहे हैं।
सहवाग ने कहा कि हम अपने सभी राइट टू मैच कार्ड का प्रयोग करना चाहते हैं। हम इस बार की नीलामी में कुछ नए खिलाड़ियों को लेना चाहेंगे। जैसे कि हमने संदीप शर्मा और अक्षर पटेल जैसे युवा खिलाड़ियों को लेकर किया था।
वहीं किंग्स इलेवन पंजाब के मालिक नेस वाडिया ने कहा है कि इस सीजन से किंग्स इलेवन पंजाब नए सिरे से शुरुआत करेगी। उन्होंने कहा कि हम अपनी फ्रैंचाइजी को नए तरीके से बनाना चाहते हैं। यह सब वीरेंद्र सहवाग, ब्रैड हॉज व उनकी टीम के हवाले है।
गौरतलब है कि आईपीएल के 10 साल के इतिहास में किंग्स इलेवन पंजाब का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा है। टीम ने अभी तक केवल 2 बार प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया है। 2008 के पहले सीजन में किंग्स इलेवन की टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी। वहीं 2014 में उन्होंने फाइनल तक का सफर तय किया था। पिछले सीजन में वो पांचवे स्थान पर थे।