विराट बोले- 2019 वर्ल्ड कप में नंबर 4 पर बैटिंग के लिए परफेक्ट है यह खिलाड़ी, जानिए कौन
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने कहा कि मिडिल ऑर्डर पर बल्लेबाजी करने का मसला हमेशा से कनफ्यूज करता है और यह कुछ समय तक और जारी रहेगा। हालांकि, हालात इंग्लैंड में अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के लिए अजिंक्य रहाणे को चौथे नंबर का प्रबल दावेदार बनाते हैं ।
इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ियों का कोर ग्रुप तैयार है और सिर्फ चौथे नंबर का मसला रहता है। भारतीय टीम ने कल होने वाले पहले वनडे से पूर्व वैकल्पिक अभ्यास सत्र में भाग लिया । कोहली और तेज गेंदबाजों ने विश्राम किया ।
कोहली ने कहा, 'हमने पिछले कुछ महीनों में कई विकल्प आजमाए। वर्ल्ड कप से पहले बहुत सारी सीरीज और समय नहीं बचा है लिहाजा हम सारे विकल्प आजमाना चाहते हैं।' उन्होंने कहा,' मैने पहले भी कहा है कि अजिंक्य रहाणे तीसरे सलामी बल्लेबाज हो सकते हैं लेकिन वह वर्ल्ड कप ( 2015 ) में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी कर चुके हैं तो वह चौथे नंबर के प्रबल दावेदार हैं।'
उन्होंने कहा ,'श्रेयस अय्यर और मनीष पांडे भी हैं लेकिन हम एक पक्ष ही नहीं देखना चाहते। यह निर्भर करेगा कि उस देश में किसकी तकनीक अधिक कारगर साबित होगी। सभी ऑप्शन खुले हैं। निचले ऑर्डर का लगभग तय हो चुका है। मिडिल ऑर्डर पर हम विचार कर रहे हैं । हार्दिक पंड्या, केदार जाधव और एम एस धोनी का संयोजन अच्छा काम कर रहा है।'
इसके अलावा उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हमारा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। हमने उसके खिलाफ उसकी सरजमीं पर 28 मैच खेले हैं, जिनमें से केवल 5 में जीत मिली है,जबकि 21 में हार का सामना करना पड़ा है। निश्चित तौर पर हम जो सीरीज खेलते हैं, उसको जीतना चाहते हैं। हरेक बल्लेबाज अपने को आगे की ओर देखना चाहता है। कई लोग रिकॉर्ड के बारे में सोचते है, जो इससे पहले नहीं हुआ हो और उसके हासिल करना चाहते हैं। यह अलग से दबाव पैदा करता है, जिसकी कोई आवश्यकता नहीं है। लेकिन हां, तीसरे टेस्ट में हमने शानदार प्रदर्शन किया था। बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ने बेहतर प्रदर्शन किया और मैच में जीत मिली। सीरीज के दौरान हमें धैर्य रखने की जरुरत है।'
बता दें कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया को 6 वन-डे खेलना है, जिसका पहला वन-डे गुरुवार को डरबन में खेला जाएगा। मालूम हो कि पिछले 26 साल से टीम इंडिया डरबन में कोई मैच नहीं जीती है। इस बार वो यहां जरूर यहां खाता खोलना चोहेगी।