क्रिकेटर पति मोहम्मद शमी से विवाद के बाद अब पत्नी हसीन जहां ने एक बार फिर से मॉडलिंग शुरू कर दी है। इस बात की जानकारी खुद हसीन जहां ने अपने ट्विटर पर वीडियो पोस्ट करके दी है। उन्होंने यह फैसला अपनी तीन साल की बेटी के अच्छे भविष्य के लिए लिया है।
आगे देखिए फोटोशूट का वीडियो
करीब चार महीने से चल रहे विवाद के बाद बीते दिनों हसीन ने मुंबई में फोटो शूट कराया। शादी के बाद पति शमी के कहने पर ही हसीन जहां ने साल 2014 में मॉडलिंग की दुनिया को अलविदा कह दिया था।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक हसीन जहां ने कहा, 'मैंने शमी के लिए अपना करियर और सपने छोड़ दिया...लेकिन उसने मुझे अकेला छोड़ दिया। मैं दोबारा प्रतिष्ठा और लोकप्रियता हासिल करने के लिए मेहनत कर रही हूं।'
हसीन ने कहा, मैंने मॉडलिंग में काफी संघर्ष के बाद अपनी पहचान बनाई थी, लेकिन शमी के कहने पर मैं इस लाइन से दूर हो गई थी। अब मुझ पर अपनी बेटी की जिम्मेदारी भी है, इसके चलते मैंने मॉडलिंग की दुनिया में वापसी की है। मुझे फिल्म और शॉर्ट फिल्मों के ऑफर भी मिले हैं।
बता दें कि हसीन आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स की चीयरलीडर भी रह चुकी हैं और वह फिर से मॉडलिंग के साथ एक्टिंग भी करना चाहती हैं। हसीन जहां इस समय अपनी तीन साल की बेटी के साथ शमी से अलग रह रही हैं और उनकी बेटी की देखभाल उनके पिता कर रहे हैं।