वर्ल्ड कपः भारत पाक से हारा नहीं लेकिन इससे कभी जीता नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वर्ल्ड कप के शुरू होने में अब महज 28 दिन ही शेष रह गए हैं ऐसे में पिछले टूर्नामेंट्स में हुए कई दिलचस्प रिकॉर्ड और कारनामें सामने आ रहे हैं।
2011 में दूसरी बार वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया इस बार अपना खिताब बचाने उतरेगी। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में टीम इंडिया के ज्यादातर खिलाड़ी युवा हैं और उनके कंधों पर खिताब बचाने की बड़ी जिम्मेदारी है।
क्रिकेट के इस महाकुंभ में भारत के नाम भी कई रिकॉर्ड दर्ज है, जिनमें कुछ बेहद गौरवान्वित करने वाले हैं तो कुछ निराश करने वाले। यह बात तो सभी को मालूम है कि वर्ल्ड कप में भारतीय टीम अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से हमेशा अजेय रही है। वनडे वर्ल्ड कप में भारत और पाक की टीमें 4 बार आमने-सामने हुईं लेकिन बाजी हर बार भारत के खाते में गई।
अब हम यहां जिस रिकॉर्ड की बात कर रहे हैं वह भारतीय टीम के प्रशंसकों को थोड़ा निराश कर सकता है। पाकिस्तान से जहां भारत वर्ल्ड कप में अभी तक एक भी मैच हारा नहीं हैं वहीं एक टीम ऐसी भी है जिससे वह कभी जीता भी नहीं।
1992 में हुई भारत की हार से शुरुआत
भारत अब तक 2 बार वर्ल्ड कप में खिताब जीतने में कामयाब रहा है। इस दौरान उसकी भिड़ंत एक ऐसी टीम से भी हुई जिसने एक बार भी वर्ल्ड कप नहीं जीता लेकिन भारत इस टीम से टूर्नामेंट में कभी जीत नहीं पाया। दोनों टीमों के बीच अब तक वर्ल्ड कप में 3 बार सामना हुआ और भारत हर बार हारा।
हम यहां जिस टीम की बात कर रहे हैं वह है दक्षिण अफ्रीका की टीम। भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें पहली बार वनडे वर्ल्ड कप में 1992 में आपस में भिड़ी। वैसे तो दक्षिण अफ्रीका में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की तरह पिछले सौ सालों से भी ज्यादा वक्त से पहले क्रिकेट खेला जा रहा है लेकिन इस अफ्रीकी देश पर रंगभेद नीति के कारण अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध लगे हुए थे जिस कारण यह टीम विदेशी टीमों से मुकाबला नहीं कर पा रही थी।
बाद में जब यह प्रतिबंध हट गया तो दक्षिण अफ्रीका ने 1992 के वर्ल्ड कप के जरिए इस टूर्नामेंट में पहली बार प्रवेश किया। यह वर्ल्ड कप भी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी (22 फरवरी से 25 मार्च तक) में खेला गया। पाकिस्तान पहली बार यहीं पर वर्ल्ड चैंपियन बना।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 15 मार्च 1992 को मैच खेला गया जिसमें भारत ने बर्षा से बाधित मैच में 30 ओवर में 6 विकेट पर 180 रन बनाए जिसके जवाब में अफ्रीकी टीम ने 29.1 ओवर में ही 4 विकेट खोकर 181 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया। दक्षिण अफ्रीका ने यह मैच 6 विकेट से जीता। उसकी ओर से पीटर कर्स्टन ने सर्वाधिक 84 रन बनाए और जीत के नायक बने।
1992 के बाद 1999 में भी हारी टीम इंडिया
अपने पहले ही वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंच गई थी लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण कारणों से वह फाइनल में नहीं पहुंच सकी। 1992 के बाद भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमों की भिड़ंत 1996 के वर्ल्ड कप में नहीं हो सकी क्योंकि दोनों अलग-अलग ग्रुप में थी और नॉकआउट स्टेज में भी दोनों का अलग-अलग टीमों का सामना हुआ।
1999 का वर्ल्ड कप इंग्लैंड में खेला गया जहां 7 सालों बाद इस टूर्नामेंट भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आमने-सामने हुई। ये टीमें ग्रुप-ए में शामिल थीं और दोनों का पहला मुकाबला आपस में पड़ गया। 15 मई को होव में खेले गए इस मैच में भारत ने फिर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट पर 253 रन बनाए थे। सौरव गांगुली ने सर्वाधिक 97 रनों का योगदान दिया। जवाब में अफ्रीकी टीम ने 47.2 ओवर में 6 विकेट खोकर 254 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया। जैक्स कालिस ने 96 रन बनाए और जीत के नायक बने।
1999 के बाद दोनों टीमों की भिड़ंत अगले 2 वर्ल्ड कप यानी 2003 और 2007 में नहीं हुई।
तीनों ही बार टीम इंडिया ने की पहले बल्लेबाजी
2011 का वर्ल्ड कप भारतीय उपमहाद्वीप में खेला गया। भारत को उम्मीद थी कि वह अपने घरेलू मैदान पर अफ्रीकी टीम को हराने में कामयाब रहेगा लेकिन उसे कामयाबी नहीं मिली।
इस बार ग्रुप स्टेज में ही दोनों टीमों का सामना हुआ। टूर्नामेंट का 29वां मुकाबला 12 मार्च को नागपुर में खेला गया, जिसमें भारत ने फिर पहले बल्लेबाजी की और 48.4 ओवर में 296 रन बनाकर टीम आउट हो गई। सचिन तेंदुलकर ने 111, वीरेंद्र सहवाग ने 73 और गौतम गंभीर ने 69 रनों का योगदान दिया जिससे भारत मजबूत स्कोर खड़ा कर सका। इससे पहले भी पिछले दोनों अवसरों पर भारत ने पहले बल्लेबाजी ही की है।
लेकिन भारतीय गेंदबाज 297 रनों के बड़े लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहे। अफ्रीकी टीम के शीर्ष क्रम ने बढ़िया खेल दिखाया और टीम की जीत की रुपरेखा तैयार कर दी। ओपनर आशिम अमला ने 61, जैक्स कालिस ने 69 और एबी डीविलियर्स ने 52 रनों का अहम योगदान दिया। अफ्रीकी टीम ने 2 गेंद शेष रहते 300 रन बनाते हुए मैच 3 विकेट से जीत लिया।
तो इस तरह से भारत ने जहां पाकिस्तान को वर्ल्ड कप में हर बार हराया है तो उसे दक्षिण अफ्रीका से हर बार हार का सामना करना पड़ा है।