सैयद मुश्ताक अली टी-20 : उत्तर प्रदेश की जीत में चमके प्रियम और सौरभ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ के प्रियम गर्ग (54) के शानदार अर्द्धशतक के बाद बागपत के सौरभ कुमार (4/14) की उम्दा गेंदबाजी के दम पर उत्तर प्रदेश ने सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट में सोमवार को पुडुचेरी को 77 रन से मात देकर अपनी तीसरी जीत दर्ज की।
उत्तर प्रदेश ने पहले खेलते हुए चार विकेट पर 179 रन बनाए। गर्ग के अलावा उपेंद्र यादव ने 36, समर्थ सिंह ने 29 और अलीगढ़ के रिंकू सिंह ने नाबाद 29 रन की पारी खेली। जवाब में सौरभ के सामने पुडुचेरी की टीम छह विकेट पर 102 रन की बना पाई। फाबिद अहमद और पी थमारिकानन ने नाबाद 25-25 और कप्तान पारस डोगरा ने 22 रन की पारी खेली।
8000 रन टी-20 में बनाने वाले रैना पहले भारतीय
-300 मैच खेलने वाले धोनी के बाद दूसरे भारतीय
-300 छक्के भी लगा चुके हैं रैना। इस मामले में उनसे आगे रोहित शर्मा (326) हैं
-06 बल्लेबाज हैं दुनिया के रैना आठ हजार या उससे अधिक रन बनाने वाले
टीम इंडिया से बाहर चल रहे सुरेश रैना सोमवार को अपनी 12 रन की पारी के दौरान टी-20 में 8000 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बन गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले कुल छठे खिलाड़ी हैं। भारतीय कप्तान विराट कोहली 251 मैचों में 7833 रन बनाकर दूसरे नंबर पर हैं। यह नहीं रैना का यह 300वां मैच था। वह भारत की ओर से 300 टी-20 खेलने वाले एमएस धोनी (301) के बाद दूसरे भारतीय बन गए।
चैतन्य और राहुल के नाबाद अर्द्धशतक बेकार, हरियाणा फिर हारा
चैतन्य बिश्नोई (65) और राहुल तेवतिया (59) की नाबाद अर्द्धशतकीय पारियों के बावजूद हरियाणा को छत्तीसगढ़ से पांच विकेट से करारी शिकस्त मिली। पहले बल्लेबाजी करने उतरे हरियाणा की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने तीन रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे।
ऐसे में चैतन्य ने सुमित कुमार (43) के साथ चौथे विकेट के लिए 75, प्रमोद चंदीला (35) के साथ पांचवें विकेट के लिए 43 और राहुल के साथ छठे विकेट के लिए अटूट 89 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।
इससे टीम पांच विकेट पर 210 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। छत्तीसगढ़ की ओर से शाकीब अहमद ने दो विकेट झटके। छत्तीसगढ़ ने अंतिम गेंद पर पांच विकेट पर 211 रन बनाकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। ऋषभ तिवारी ने 62 और अमनदीप खरे ने 60 रन की पारी खेली।
शुभम ने दिलाई जम्मू-कश्मीर को दूसरी जीत
शुभम पुंडीर (51) और कप्तान परवेज रसूल (31) के बीच चौथे विकेट के लिए हुई 77 रन की साझेदारी की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने आंध्र प्रदेश को पांच विकेट से हराकर दूसरी जीत दर्ज की। आंध्र से मिले 146 रन के लक्ष्य को जम्मू-कश्मीर ने 18.3 ओवर में पांच विकेट पर 148 रन बनाकर हासिल कर लिया।
अब्दुल समाद ने 30 रन का योगदान दिया। आंध्र के लिए कर्ण शर्मा ने दो विकेट लिए। इससे पहले आंध्र ने श्रीकर भारत 41, हनुमा विहारी 28 और कर्ण नाबाद 22 की पारियों से सात विकेट पर 146 रन बनाए। जम्मू-कश्मीर की ओर से राम दयाल ने दो और रसूल ने एक विकेट लिया।
उत्तराखंड ने लगाया जीत का चौका
उत्तराखंड ने सोमवार को त्रिपुरा को 37 रन से हराकर जीत का चौका लगाया। पहले खेलते हुए उत्तराखंड ने कर्ण कौशल 58 और वैभव सिंह पंवार 46 की नाबाद पारियों से पांच विकेट पर 147 रन बनाए।
इसके बाद त्रिपुरा को एक ओवर शेष रहते 110 रन पर समेट दिया। निरुपम सेन चौधरी (34) और मणिशंकर मूरासिंह (33) को छोड़कर त्रिपुरा का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। उत्तराखंड के कप्तान रजत भाटिया और राहुल डंगवाल ने तीन-तीन विकेट चटकाए।
हिमाचल ने बिहार को 78 पर समेटा, नौ विकेट से दर्ज की बड़ी जीत
गुरविंदर सिंह (2/11) और अंकित मैनी (2/14) की उम्दा गेंदबाजी के बाद युवा अंकुश बैंस (54) की नाबाद अर्द्धशतकीय पारी से हिमाचल प्रदेश ने बिहार पर नौ विकेट से बड़ी जीत दर्ज की।
हिमाचल ने पहले बिहार को सात गेंद शेष रहते 78 रन पर समेट दिया उसके बाद लक्ष्य को 10.3 ओवर में प्रशांत चोपड़ा (14) का एकमात्र विकेट खोकर 81 रन बनाकर हासिल कर लिया।
सुमित वर्मा ने नाबाद 12 रन बनाए। इससे पहले बिहार की ओर से असफान खान (25) और पीयूष के सिंह (21) को छोड़कर बिहार का कोई भी बल्लेबाज दस का आंकड़ा भी नहीं छू सका। आयूष जम्वाल ने भी दो विकेट लिए।
और बोला शॉ का बल्ला
चोट के बाद वापसी करने वाले मुंबई के युवा पृथ्वी शॉ का बल्ला आखिरकार बोल ही पड़ा। शॉ ने सोमवार को 47 गेंदों पर सात छक्कों और पांच चौकों की मदद से 71 रन की पारी खेली, जिससे मुंबई ने गोवा को छह विकेट से रौंदकर जीत का चौका लगाया।
शॉ ने पिछले तीन मैचों में क्रमश: दस, आठ और शून्य रन बनाए थे। मुंबई ने गोवा से मिले 141 रन के लक्ष्य को शॉ और कप्तान अजिंक्य रहाणे (31) के बीच पहले विकेट के लिए हुई 95 रन की साझेदारी से आसानी से 18.2 चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 24 रन की पारी खेली। गोवा ने अमोघ सुनील देसाई 38, अमित वर्मा 27 और शगुन कामत 27 की मदद से चार विकेट पर 140 रन बनाए।