टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने सोमवार को देवधर ट्रॉफी में इतिहास रच दिया। इंडिया-सी की कमान संभालने वाले 20 वर्षीय गिल ने देवधर ट्रॉफी में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली का 10 साल पुराना रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। शुभमन देवधर ट्रॉफी के फाइनल में इंडिया-सी टीम की कप्तानी करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।
शुभमन गिल ने देवधर ट्रॉफी में रचा इतिहास, तोड़ा कोहली का 10 साल पुराना रिकॉर्ड
बता दें कि विराट कोहली ने देवधर ट्रॉफी के 2009-10 में नॉर्थ जोन की तरफ से कप्तानी की थी। उस समय विराट की उम्र 21 साल और 124 दिन थी। वहीं शुभमन गिल ने यह कमाल 20 साल और 57 दिनों की उम्र में किया है।
गौरतलब है कि इंडिया बी ने शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया सी को फाइनल में 51 रन से हराकर देवधर ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। इंडिया बी की तरफ से केदार जाधव (86), यशस्वी जायसवाल (54) ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, गेंदबाजी में शाहबाज नदीम ने बेजोड़ प्रदर्शन किया। उन्होंने 10 ओवर में 37 रन देकर चार विकेट झटके।
रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में इंडिया-बी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 283 रन बनाए। जवाब में इंडिया सी की टीम पूरे 50 ओवरों में नौ विकेट खोकर 232 रन ही बना सकी और मैच हार गई।
देवधर ट्रॉफी में कप्तानी करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी
| कप्तान | उम्र | टीम | सीजन |
| शुभमन गिल | 20 साल 57 दिन | इंडिया सी | 2019-20 |
| विराट कोहली | 21 साल 124 दिन | नॉर्थ जोन | 2009-10 |
| उन्मुक्त चंद | 22 साल 310 दिन | इंडिया बी | 2015-16 |
| श्रेयस अय्यर | 23 साल 92 दिन | इंडिया बी | 2017-18 |
| मनोज तिवारी | 23 साल 124 दिन | ईस्ट जोन | 2008-09 |
| कपिल देव | 23 साल 305 दिन | नॉर्थ जोन | 1982-83 |