रणजी अपडेट: उत्तर प्रदेश ने तमिलनाडु को रौंदा
सुबह, बिना कोई विकेट खोए पांच रन से आगे खेलने उतरी तमिलनाडु की शुरुआत अच्छी रही और अभिनव मुकुंद ने मुरली विजय के साथ पहले विकेट के लिए 67 रन जोड़े। लेकिन विजय (24) के आउट होने के साथ ही तमिलनाडु का मध्यक्रम बिखर गया और उसने 120 रन तक पांच विकेट गंवा दिए। मुकुंद ने 54 और अरुण कार्तिक ने 70 रन की पारी खेली। यूपी के लिए प्रवीण गुप्ता ने चार और अली मुर्तजा ने तीन विकेट चटकाए।
गुजरात ने पंजाब को हराया
लेफ्ट आर्म स्पिनर राकेश ध्रुव (76 रन पर पांच विकेट) की शानदार गेंदबाजी से गुजरात ने पंजाब को 37 रन से हराकर ग्रुप ‘ए’ से नॉकआउट दौर में पहुंचने का अपना दावा मजबूत कर लिया। जीत के लिए मिले 231 रन का लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्रुप में शीर्ष पर चल रही पंजाब सिर्फ 193 रन पर सिमट गई। पंजाब ने नौ विकेट 130 रन पर गंवा दिए थे लेकिन आखिरी जोड़ी सरबजीत लाडा (29) और संदीप शर्मा (नाबाद 31) ने आखिरी विकेट के लिए 63 रन जोड़कर पंजाब की हार का अंतर कम किया।