PAK vs NZ: 12 साल पहले पाकिस्तान में आतंकी हमले में बड़ी मुश्किल से बची थी जान, अब उसी देश में बनकर आए बैटिंग कोच
न्यूजीलैंड की टीम पाकिस्तान के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज खेलने के लिए पहुंच गई है। पाकिस्तान दौरे पर कीवी टीम तीन एकदिवसीय और पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला खेलेगी।
विस्तार
न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम 3 एकदिवसीय और 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेलने पाकिस्तान पहुंच गई। कीवी टीम करीब 18 साल बाद पाकिस्तान दौरे पर क्रिकेट सीरीज खेलने आई है। इससे पहले न्यूजीलैंड की टीम 2003-04 में पांच वनडे मैचों की सीरीज खेलने यहां आई थी। जबकि साल भर पहले भी न्यूजीलैंड की टीम पाकिस्तान दौरे पर आई थी लेकिन कराची में होटल के बाहर बम विस्फोट के चलते बगैर खेले लौट गई। लेकिन एक बार फिर न्यूजीलैंड की टीम साहस दिखाते हुए पाकिस्तान दौरे पर पहुची है।
आतंकी हमले में घायल हुए थे समरवीरा
इस बार कीवी टीम के साथ बैटिंग कोच के रूप में श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज थिलन समरवीरा भी पाकिस्तान आए हैं। फिलहाल थिलन की पाकिस्तान से बहुत बुरी यादें जुड़ी हैं। वह साल 2009 में उस श्रीलंकाई टीम का हिस्सा थे जिस पर घात लगातर लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम के बाहर आतंकियों ने हमला किया था। इस दौरान थिलन समरवीरा के जांघ पर गोली लगी थी और कई इंच गहरा घाव हो गया था।
तीन महीने बाद समरवीरा की हुई थी वापसी
थिलन समरवीरा को श्रीलंका के जुझारू खिलाड़ी के तौर पर याद किया जाता है। उनकी खासियत यह रही कि उन्होंने एक गोली के चलते अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर को खत्म नहीं होने दिया। मार्च 2009 में जब वह पाकिस्तान में आतंकियों की गोली से घायल हुए थे उस समय वह शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ दो दोहरे शतक जड़ चुके थे। आतंकी हमले में गोली लगने के बाद उन्हें सर्जरी करानी पड़ी और इस 3 महीने तक समरवीरा मानसिक पीड़ा से जूझते रहे। हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और बाद में उसी साल जुलाई में पाकिस्तान के खिलाफ वापसी की।