अब से कुछ हफ्तों बाद भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रवाना होना है। इसके ठीक पहले पूर्व दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने एक बयान देकर दोनों देश के बीच क्रिकेट माहौल को दोबारा गर्म कर दिया है। खिलाड़ी हैं एंड्रयू साइमंड्स और मुद्दा है ‘मंकीगेट’ प्रकरण।
दरअसल, भारत के खिलाफ 2008 में घरेलू श्रृंखला के दौरान हुए ‘मंकीगेट’ प्रकरण के बारे में साइमंड्स ने कहा कि इस केस के बाद से ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका पतन शुरू हुआ जिसके बाद वह काफी शराब भी पीने लगे।
साइमंड्स ने सिडनी टेस्ट में हरभजन सिंह पर उन्हें ‘बंदर’ कहने का आरोप लगाया था, लेकिन भारतीय स्पिनर ने इससे इनकार किया था। इस घटना के बाद हरभजन पर तीन मैच का प्रतिबंध लगाया गया। मगर भारतीय टीम ने इस दौरे से हटने की धमकी दी जिसके बाद इस फैसले को बदल दिया गया।
इस 43 वर्षीय खिलाड़ी ने इस पूरे प्रकरण के बारे में बात करते हुए कहा कि इससे उनका करियर काफी प्रभावित हुआ।
साइमंड्स ने ‘ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कार्पोरेशन’ से कहा, ‘इस क्षण के बाद से मेरे करियर में गिरावट शुरू हो गई। मैंने बहुत शराब पीना शुरू कर दिया। मैं दबाव महसूस करने लगा कि मैंने अपने साथी खिलाड़ियों को इस प्रकरण में फंसा दिया। मैं इसका सामना गलत तरीके से कर रहा था। मैं महसूस कर रहा था कि मैं दोषी हूं, मैंने अपने साथियों को ऐसी चीज में शामिल कर दिया जिसमें मुझे लगता है कि वे शामिल होने के हकदार नहीं थे।’
साइमंड्स ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अपना अंतिम मैच मई 2009 में खेला था। एक महीने बाद उन्हें टीम के शराब पीने संबंधित और अन्य मुद्दों पर कई नियमों को तोड़ने के लिए विश्व टी-20 से स्वदेश भेज दिया गया था और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उनका अनुबंध समाप्त कर दिया था।