फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   India tour of New Zealand: Head coach Gambhir hints giving white-ball break to batters for NZ Test preparation

भारत का न्यूजीलैंड दौरा: कोच गंभीर बना रहे विशेष योजना, सीमित ओवर से शीर्ष बल्लेबाजों को ब्रेक मिलने के संकेत

Wed, 23 Sep 2026 09:08 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Wed, 23 Sep 2026 09:08 PM IST
सार

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के लिए आने वाले दिन काफी व्यस्त हैं। टी20 टीम फिलहाल एशियन गेम्स में हिस्सा ले रही है, जबकि वनडे टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज खेलनी है। इसके बाद अगले महीने भारत को तीनों प्रारूप की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड दौरे पर जाना है। इसके लिए कोच गौतम गंभीर ने कमर कस ली है।

विज्ञापन
India tour of New Zealand: Head coach Gambhir hints giving white-ball break to batters for NZ Test preparation
गंभीर और गिल - फोटो : PTI

विस्तार

भारतीय टीम को अगले महीने से न्यूजीलैंड का दौरा करना है। टीम इस दौरे पर तीनों प्रारूप की सीरीज खेलेगी। अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल के लिहाज से यह दौरा काफी अहम है। इसके लिए मुख्य कोच गौतम गंभीर ने तैयारियां भी शुरू कर दी है। गंभीर ने संकेत दिया कि भारत के कुछ शीर्ष बल्लेबाजों को न्यूजीलैंड के आगामी बहु-प्रारूप दौरे के दौरान सफेद गेंद के क्रिकेट से ब्रेक दिया जा सकता है, ताकि वे टेस्ट क्रिकेट की तैयारी पर ध्यान केंद्रित कर सकें। उन्होंने कम समय में 50 ओवर के क्रिकेट से पांच दिवसीय टेस्ट क्रिकेट में बदलाव की चुनौती पर जोर देते हुए यह संकेत दिया।
विज्ञापन

टी20 सीरीज से होगी शुरुआत
भारतीय टीम 22 अक्तूबर से 27 नवंबर 2026 तक न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। भारत का दौरा पांच मैचों की टी20 सीरीज से शुरू होगा। पहला और दूसरा टी20 क्रमशः 22 और 24 अक्तूबर को क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल में खेले जाएंगे। इसके बाद तीसरा टी20 27 अक्तूबर को वेलिंगटन में होगा, जबकि चौथा मुकाबला 30 अक्तूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा। पांचवां और अंतिम टी20 मैच एक नवंबर को हैमिल्टन के सेडन पार्क में आयोजित होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

India tour of New Zealand: Head coach Gambhir hints giving white-ball break to batters for NZ Test preparation
भारत बनाम न्यूजीलैंड - फोटो : ANI
वनडे सीरीज का कार्यक्रम
टी20 सीरीज के बाद दोनों टीमें पांच मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी। पहला वनडे चार नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला सात नवंबर को वेलिंगटन में और तीसरा वनडे 10 नवंबर को हैमिल्टन में होगा। चौथा और पांचवां वनडे क्रमशः 13 और 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई (टौरंगा) के बे ओवल मैदान पर खेले जाएंगे।
विज्ञापन

टेस्ट सीरीज पर रहेंगी निगाहें
दौरे का समापन दो मैचों की टेस्ट सीरीज के साथ होगा। पहला टेस्ट 19 से 23 नवंबर तक वेलिंगटन के प्रतिष्ठित बेसिन रिजर्व मैदान पर खेला जाएगा। दूसरा और अंतिम टेस्ट 27 नवंबर से एक दिसंबर तक क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल में आयोजित होगा। 

India tour of New Zealand: Head coach Gambhir hints giving white-ball break to batters for NZ Test preparation
भारत बनाम न्यूजीलैंड सीरीज का शेड्यूल - फोटो : ANI
भारत बनाम न्यूजीलैंड सीरीज का पूरा शेड्यूल
तारीख मुकाबला स्थान
22 अक्तूबर पहला टी20 हैगले ओवल, क्राइस्टचर्च
24 अक्तूबर दूसरा टी20 हैगले ओवल, क्राइस्टचर्च
27 अक्तूबर तीसरा टी20 हेनरी स्टेडियम, वेलिंगटन
30 अक्तूबर चौथा टी20 ईडन पार्क, ऑकलैंड
1 नवंबर पांचवां टी20 सेडन पार्क, हैमिल्टन
4 नवंबर पहला वनडे ईडन पार्क, ऑकलैंड
7 नवंबर दूसरा वनडे हेनरी स्टेडियम, वेलिंगटन
10 नवंबर तीसरा वनडे सेडन पार्क, हैमिल्टन
13 नवंबर चौथा वनडे बे ओवल, टौरंगा
15 नवंबर पांचवां वनडे बे ओवल, टौरंगा
19-23 नवंबर पहला टेस्ट बेसिन रिजर्व, वेलिंगटन
27 नवंबर-1 दिसंबर दूसरा टेस्ट हैगले ओवल, क्राइस्टचर्च

शीर्ष बल्लेबाजों को कुछ मैचों से मिल सकता है ब्रेक
गंभीर ने न्यूजीलैंड का स्पष्ट रूप से उल्लेख नहीं किया, लेकिन लंबे दौरे का कार्यक्रम ऐसा है कि भारत 19 नवंबर से वेलिंगटन में पहला टेस्ट खेलेगा जो न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम वनडे के केवल तीन दिन बाद ही होगा। इस लंबे दौरे में अलग-अलग प्रारूपों में कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे। दो टेस्ट की सीरीज से पहले सिर्फ दो दिन की ट्रेनिंग के कारण हो सकता है कि कप्तान शुभमन गिल, विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल, सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और नीतीश रेड्डी जैसे कुछ शीर्ष वनडे खिलाड़ी डब्ल्यूटीसी मैच की तैयारी के लिए कुछ वनडे मैच नहीं खेलें। गंभीर ने जियो स्टार से कहा, अक्सर टेस्ट मैच की तैयारी के लिए आपको अपने बल्लेबाजों को सफेद गेंद के क्रिकेट से भी ब्रेक देना पड़ता है, ताकि वे टेस्ट क्रिकेट के लिए बदलाव कर सकें, क्योंकि टी20 से वनडे क्रिकेट में आना आसान होता है। 

गंभीर को यह भी लगता है कि आगे चलकर, कोच और चयनकर्ता की इच्छा के बावजूद खेल में सभी प्रारूप में खेलने वाले बहुत कम खिलाड़ी ही बचेंगे। उन्होंने कहा, 'देखिए, किसी भी कोच के लिए यह बहुत जरूरी है कि अधिक से अधिक खिलाड़ी तीनों प्रारूप में खेलें क्योंकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में निरंतरता बहुत जरूरी है।' घरेलू मैदान पर होने वाली आगामी वेस्टइंडीज वनडे सीरीज के साथ भारत अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले 2027 विश्व कप के लिए अपनी तैयारियां शुरू करेगा। हालांकि, इस दौरान जसप्रीत बुमराह (एशियाई खेलों के कारण) और हार्दिक पांड्या (अभी वनडे में 10 ओवर गेंदबाजी करने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं) टीम में नहीं होंगे।

हार्दिक-बुमराह को बताया अहम
गंभीर ने कहा कि 2027 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए भारत की वनडे योजनाओं में ये दोनों अनुभवी खिलाड़ी बेहद महत्वपूर्ण हैं। गंभीर ने कहा, चाहे हार्दिक हों या जसप्रीत बुमराह, दक्षिण अफ्रीका में हमारे लिए दोनों बेहद महत्वपूर्ण होने वाले हैं। अगर आप जस्सी की बात करें या हार्दिक की, तो बहुत कम टीम के पास ऐसा खिलाड़ी है जो आपके लिए 10 ओवर गेंदबाजी कर सके, साथ ही नंबर छह या सात पर बल्लेबाजी कर सके और उसके साथ इतना प्रभाव भी डाल सके। 
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed